कुशलगढ़| घोटिया आंबा धाम पर अमावस्या की रात जागरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने नूतनवर्ष का स्वागत किया। रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रमुख रेशम मालवीया ने की। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री महेन्द्र जीत सिंह मालवीया रहे। विशिष्ट अतिथि बागीदौरा प्रधान सुभाष खराड़ी, घोटिया आंबा विकास समिति अध्यक्ष धनसिंह रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष चांदमल जैन, भाजप मंडल अध्यक्ष लालसिंह पटेल, बारीगामा सरपंच ललीता रावत, ग्राम सचिव पंकज पुरोहित, जिला परिषद सदस्य इंदिरा कटारा, मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर, मंजुला डामोर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालन कवि ब्रजमोहन तूफान ने किया। पूर्व मंत्री महेन्द्र जीत सिंह मालवीया ने कहा कि यह धाम आस्था का केंद्र है। यहां सच्चे मन से एक बुराई छोड़ने का संकल्प लेने से साल भर खुशियां मिलती हैं। जिला प्रमुख रेशम मालवीया ने कहा कि यह धाम भाईचारे का सेतु है। समिति अध्यक्ष धनसिंह रावत ने कहा कि मेले का आयोजन सभी के सहयोग से संभव हुआ है। हर मेलार्थी की इसमें भागीदारी है।रातभर चले सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने चरी नृत्य, भवाई, राठवा, कालबेलिया, घुमर, मयूर, तराजू नृत्य की प्रस्तुति दी। चरी नृत्य में कलाकारों ने सिर पर जलते दीपों वाले कलश रखकर प्रस्तुति दी। बीस हजार से अधिक मेलार्थियों ने करतल ध्वनि से कलाकारों का स्वागत किया। गौतम परमार व पार्टी ने गणेश वंदना, केसरीया बाल, नींबुड़ा गीत, तेरहताल नृत्य प्रस्तुत किए। रंगु भाई व पार्टी ने सुफी गीत दमादम मस्त कलंदर और तलवार नृत्य से समां बांधा। रातभर जागरण के बाद श्रद्धालुओं ने नूतनवर्ष की पहली किरण के साथ गंगा कुंड में स्नान किया। नए वस्त्र पहनकर घोटेश्वर महादेव को बिल्व पत्र अर्पित किए। परिवार सहित मंदिर में पूजा-अर्चना और आरती की। आम्रवृक्ष की परिक्रमा की। वाल्मीकि मंदिर की धूणी के दर्शन किए। साधु-संतों का आशीर्वाद लिया। हर हाथ में धूपबत्ती, श्रीफल और मनोकामना के साथ श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को प्रसाद बांटकर नव संवत्सर मनाया।मध्यप्रदेश और गुजरात से आए हजारों श्रद्धालुओं ने अमावस्या की रात सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया। सुबह नूतनवर्ष का स्वागत कर विश्वशांति की कामना की। श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य के दर्शन कर अगले वर्ष फिर आने की मन्नत ली।शारीरिक शिक्षक संघ ने किया स्वागत। बांसवाड़ा नव संवत्सर पर रविवार को शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ की ओर से घोटिया आंबा मेले में श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। तिलक लगाकर, उपरणा ओढ़ाकर, गुड़, धनिया और चटक वितरित कर मुंह मीठा कराया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बागीदौरा प्रधान सुभाष खराड़ी रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विनोद पानेरी ने की। विशिष्ट अतिथि प्रदेश मंत्री धन्नालाल खांट, ब्लॉक अध्यक्ष हीरालाल मईड़ा और समाजसेवी मणिलाल रावत रहे। इस अवसर पर पवन पाटीदार, अशोक पाटीदार, अशोक डामोर, गणेशलाल पाटीदार, मोहनलाल हुवोर, मदनलाल मईड़ा, अशोक निनामा, राजेश भगोरा, राजेन्द्र पाटीदार, लक्ष्मण दायमा, शेरसिंह गरासिया ने श्रद्धालुओं का बहुमान किया। संचालन विकेश पाटीदार ने किया। आभार हेमन्त जोशी ने जताया। कार्यक्रम में जिला और ब्लॉक पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में संघ के सदस्य मौजूद रहे। इस मौके पर बिना जूते पहने मेले में आए सेवा निवृत्त वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक नाहरसिंह डोडियार का विशेष अभिनंदन किया गया।