गंगापुर सिटी। पंकज शर्मा, 8 मई। राजस्थान गंगापुर सिटी निवासी और सामाजिक कार्यकर्ता देवकीनंदन जायसवाल ने आज एक भावनात्मक अपील जारी करते हुए भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर में की गई जवाबी मिसाइल स्ट्राइक की भूरी-भूरी प्रशंसा की है। उन्होंने इस कार्यवाही को पूरी तरह न्यायोचित, सटीक और संतुलित बताया है, जिसने सम्पूर्ण राष्ट्र का गौरव बढ़ाया है।
श्री जायसवाल ने इस अवसर पर ऑपरेशन में शामिल सभी सैन्य अधिकारियों, जवानों तथा विशेष रूप से कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह जैसी जांबाज़ महिला अधिकारियों को भारतीय नारी शक्ति का जीवंत प्रतीक बताते हुए उन्हें विशेष शुभकामनाएं और अभिनंदन प्रेषित किया।
उन्होंने यह भी सराहा कि सभी विपक्षीय राजनीतिक दलों और माननीय जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय संकट के समय राजनीति से ऊपर उठकर सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर एकता का परिचय दिया। यह राष्ट्र की सामूहिक चेतना और अखंडता का परिचायक है।
श्री जायसवाल ने यह भी कहा कि आजकल पाकिस्तान को ‘पाक’ कहकर संबोधित करने की जो प्रवृत्ति है, वह भ्रामक और अनुचित है, क्योंकि ‘पाक’ का अर्थ होता है ‘पवित्र’ — जो पाकिस्तान जैसे देश पर किसी भी प्रकार से लागू नहीं होता। उनके अनुसार, इसे ‘पाप’ कहना अधिक यथोचित और सार्थक होगा।
उन्होंने चीन द्वारा भारतीय सेना की जवाबी कार्यवाही को “दुर्भाग्यपूर्ण” कहे जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह वक्तव्य न केवल गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि घोर निंदनीय भी है। भारत कभी आक्रामक नहीं रहा, परन्तु जब उसकी संप्रभुता और नागरिकों पर हमला होता है, तो वह धैर्य की सीमा लांघने वालों को मुंहतोड़ जवाब देना जानता है।
अंत में, श्री देवकीनंदन जायसवाल ने समस्त भारतवासियों से आग्रह किया कि वे इस गौरवशाली क्षण को पूरे देश में एकता, शांति और देशभक्ति के संदेश के रूप में फैलाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ जान सकें कि जब देश पर संकट आता है, तब भारत एक होता है, अडिग होता है और अजेय होता है।

2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।