डीग|दिगंबर जैन समाज द्वारा डीग में पंचकल्याणक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर जैन आचार्य वसुनंदी जी महाराज ने संघ सहित मंगलवार को गोवर्धन गेट से नगर में प्रवेश किया। उनके आगमन पर जैन समाज और अन्य समाजों के लोगों ने भव्य स्वागत किया। जैन और सर्व समाज के लोगों ने आचार्यश्री और मुनि संघ का पद प्रक्षालन कर आरती उतारी । इसके पश्चात मुनि संघ को बैंड-बाजों के साथ नगर में प्रवेश कराया गया। पूरे नगर में जगह-जगह तोरण द्वार बनाए गए थे, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर मुनि संघ का स्वागत किया। शहर में जगह-जगह विभिन्न समाज के लोगों ने जैन मुनि संघ का आरती उतार कर स्वागत किया। मुनिसंघ को शहर के मुख्य बाजारों में होकर मुजरे वाली गली स्थित जैन समाज द्धारा बनवाये गए नवीन मंदिर में ले जाया गया।जहां उनकी आहार चर्या की गई।
पंचकल्याणक महोत्सव के मीडिया प्रभारी पदम जैन के अनुसार श्री दिगंबर जैन समाज द्वारा डीग में 26 फरवरी से 2 मार्च तक पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है ।जिसमे भगवान आदिनाथ के जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण संस्कार – गर्भ, जन्म, तप, ज्ञान और मोक्ष कल्याणक को विधि-विधान से संपन्न कराया जाएगा। महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए पूरे डीग नगर को अयोध्या की तरह सजाया गया है। मंदिरों में आकर्षक विद्युत रोशनी की जा रही है। इस मौके पर कार्यक्रम के मुख्य संयोजक कोका राम जैन, महामंत्री वीरेंद्र जैन, धर्मेंद्र जैन सुनील जैन अनिल जैन अमित जैन प्रवीण जैन , राजेन्द्र जैन विजय जैन , योगेश जैन , गौरव जैन सौरभ जैन राजेंद्र जैन ,तारा जैन सोनू गुल्लन जैन सहित बड़ी संख्या में जैन समाज और अन्य समाजों के लोग मौजूद थे।