पंचायत शिक्षकों के नियमितीकरण की मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन


संविदा सेवा नियम 2022 के तहत नियमितीकरण, समान वेतनमान और समयबद्ध प्रक्रिया लागू करने की उठाई मांग

सवाई माधोपुर। राजस्थान पंचायत शिक्षक एवं विद्यालय सहायक संघ, संभाग भरतपुर की ओर से राजस्थान संविदा सेवा नियम, 2022 के तहत पंचायत शिक्षकों एवं विद्यालय सहायकों के शीघ्र नियमितीकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

संभागीय आयुक्त भरतपुर के माध्यम से भेजे गए इस ज्ञापन में संघ ने बताया कि प्रदेश के हजारों संविदा कर्मी वर्षों से शिक्षा विभाग में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक एवं सेवा संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

चार प्रमुख मांगें रखीं

ज्ञापन में संघ ने सरकार से चार प्रमुख मांगें रखीं। इनमें राजस्थान संविदा सेवा नियम, 2022 के प्रावधानों के अनुसार पंचायत शिक्षकों एवं विद्यालय सहायकों का शीघ्र नियमितीकरण, नियमित कर्मचारियों के समान वेतनमान एवं ग्रेड पे प्रदान करना, संविदा अवधि को नियमित सेवा में जोड़ना तथा नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करना शामिल है।

संघ का कहना है कि यदि इन मांगों पर शीघ्र निर्णय लिया जाता है तो प्रदेश के हजारों संविदा कर्मियों को राहत मिलेगी और उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान हो सकेगा।

जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में सौंपा गया ज्ञापन

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष हेमराज दीक्षित के नेतृत्व में ब्लॉक अध्यक्ष शिवराम गुर्जर, हरकेश गुर्जर, रामेश्वर, आशाराम मीना, शिवप्रसाद शर्मा, रामसहाय गुर्जर, वीर सिंह गुर्जर, प्रदीप कुमार खंडेलवाल तथा कमलेश मीना सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

आंदोलन की दी चेतावनी

संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू नहीं की तो संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होगा।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *