किन्नर समाज की परी बुआ ने भजन कीर्तन के साथ कराया, काशीनाथ बालाजी हनुमान मंदिर पर भंडारा


दो दिवसीय सेवा कार्यक्रम हुआ संपन्न, हजारों श्रद्धालुओं ने पाई प्रसादी

नदबई|नदबई कस्बे के काशीनाथ बालाजी मंदिर प्रांगण में शनिवार को किन्नर समाज की ओर से भजन-कीर्तन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस आयोजन का नेतृत्व परी बुआ किन्नर ने किया। यह आयोजन निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर आयोजित दो दिवसीय सेवा कार्यक्रम का हिस्सा रहा, जिसकी शुरुआत शुक्रवार को शरबत वितरण के साथ हुई थी।

शनिवार को कार्यक्रम की शुरुआत विशेष पूजा-अर्चना से की गई। मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजा कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें भक्ति भाव से ओतप्रोत भजनों की गूंज ने सम्पूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

भजन कीर्तन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी का गरम-गरम प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे में कस्बे के अलावा आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। अनुमानित रूप से करीब 3 से 4 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

परी बुआ ने बताया कि, “निर्जला एकादशी तप, सेवा और भक्ति का पर्व है। इसी भावना के साथ किन्नर समाज ने इस बार दो दिवसीय सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। शुक्रवार को शरबत वितरण और शनिवार को भंडारे के माध्यम से हमने यह प्रयास किया कि भक्तों को गर्मी में राहत मिले और भक्ति का वातावरण बने।

यह भी पढ़ें :  हरित संगम मेले का आकर्षण बनेगी 10 हजार फूलों की प्रदर्शनी

उन्होंने आगे कहा, “हमारा उद्देश्य समाज में एकता, सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत करना है। किन्नर समाज केवल आशीर्वाद देने तक सीमित नहीं है, बल्कि अब समाजसेवा में भी बराबरी से भागीदारी निभा रहा है।”

भंडारे की सूचना मिलते ही सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर की ओर आना शुरू हो गया था, जो दोपहर तक लगातार चलता रहा। मंदिर परिसर में भक्ति, सेवा और संतोष का सुंदर संगम देखने को मिला।

इस सेवा आयोजन में परी बुआ के साथ उनकी प्रमुख शिष्याएं सलोनी, नेहा, छोटी सहित किन्नर समाज के कई सदस्य तन, मन और धन से जुटे रहे। सभी ने मिलकर श्रद्धालुओं की सेवा की और व्यवस्था को सफलतापूर्वक संभाला।

 


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now