साइबर फ्रॉड के 5 हजार के इनामी आरोपी को पुलिस ने दबोचा, 85 लाख की ठगी का मामला


ऑपरेशन शिकंजा के तहत कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, खेतों में छिपे आरोपी को किया गिरफ्तार

सवाई माधोपुर। कोतवाली थाना पुलिस ने ऑपरेशन शिकंजा अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी खातों का उपयोग कर करीब 85 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी साइबर फ्रॉड के प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने उसके गांव धमुन खुर्द में दबिश दी, जहां आरोपी खेतों में छिपा हुआ मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मामले की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत म्यूल खातों का उपयोग करते हुए लोगों को पार्ट टाइम जॉब, डमी टेक्स्ट मैसेज और इन्वेस्ट ट्रेडिंग जैसे प्रलोभन देकर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दिया। इस तरीके से उसने अपने और अपनी पत्नी के खातों में करीब 85 लाख रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर करवाई। गौरतलब है कि 31 जनवरी 2026 को थाना हाजा में म्यूल अकाउंट के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now