श्रद्धा व उत्साह से मनाया गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश पर्व
बयाना, 17 सितंबर। श्री गुरु ग्रंथ साहिब के प्रकाश पर्व पर बयाना कस्बे के मुख्य गुरुद्वारा में फूलों से कीर्तन दरबार सजाया गया। इस दौरान श्रद्धा, उमंग और उल्लास के साथ श्रद्धालुओं ने गुरु ग्रंथ साहिब की महिमा का बखान किया। गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार इंद्रजीत सिंह मग्गो ने बताया कि इससे पहले निशान साहिब के चोले की सेवा की गई और रहिरास साहब का पाठ किया गया। कीर्तन दरबार में भरतपुर से आए भाई राजेंद्र सिंह खालसा रागी जत्थे की ओर से शबद कीर्तन किया गया। जिसमें गुरु की महिमा का वर्णन किया गया। इसके बाद गुरु के लंगर की सेवा की गई। ज्ञानी दयालसिंह ने कहा गुरु ग्रंथ साहिब के आगे माथा टेकने के बाद ही किसी अच्छे कार्यक्रम की शुरुआत होती है। गुरु ग्रंथ साहिब की रचना पांचवें गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी ने 1604 में दरबार साहिब अमृतसर में की। गुरु ग्रंथ साहिब केवल एक क्षेत्र, एक धर्म का पवित्र ग्रंथ नहीं है, बल्कि मानवता की स्थापना के लिए सर्व समाज का साझा ग्रंथ है। इस अवसर पर जगजीत सिंह चावला, पूरन सिंह चावला, राजेश छाबड़ा, दीपा, रविंद्र कौर, मीनू चावला आदि कई लोग मौजूद रहे।