फर्जी पैमाइश और अवैध कब्जों पर भड़के किसान; एसडीएम को ज्ञापन सौंप दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्रयागराज (राजदेव द्विवेदी)। जनपद के यमुनानगर स्थित बारा तहसील क्षेत्र में किसानों और गरीबों की जमीनों पर बढ़ते अवैध कब्जों को लेकर गुरुवार को भारी आक्रोश देखने को मिला। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) प्रयाग के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों, मजदूरों और महिलाओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। संगठन ने आरोप लगाया कि राजस्व विभाग के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से भू-माफियाओं को खुला संरक्षण दिया जा रहा है।
राजस्व कर्मियों की भूमिका पर उठे सवाल
प्रदर्शन के दौरान भाकियू प्रयाग के जिला उपाध्यक्ष ऋषि पांडे ने कहा कि गरीब किसानों की जमीनों को सुनियोजित तरीके से विवादित बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना वैधानिक प्रक्रिया के पैमाइश कराकर दबंगों को कब्जा दिलाया जा रहा है। लेखपालों और कानूनगो द्वारा विरोधाभासी रिपोर्ट लगाने से गांवों में तनाव और मारपीट की घटनाएं बढ़ रही हैं। जारी, गींज, चिल्ला और पांडर सहित कई गांवों से ऐसी गंभीर शिकायतें मिली हैं।
प्रभाव और भय पैदा करने वालों पर कार्रवाई की मांग
संगठन ने कुछ कथित पत्रकारों और अधिवक्ताओं पर भी सवाल उठाए। आरोप है कि वकालत और पत्रकारिता की आड़ में भू-माफियाओं के पक्ष में माहौल तैयार किया जा रहा है। वाहनों पर ‘उच्च न्यायालय’ के बोर्ड लगाकर लोगों में भय पैदा करने वालों की जांच की मांग की गई है।
स्थानीय समस्याओं का भी उठा मुद्दा
किसानों ने केवल भूमि विवाद ही नहीं, बल्कि जनहित की अन्य समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया:
-
राशन की दुकान: चिल्ला गांव की राशन दुकान को बमुरी से हटाकर वापस गौहानी में संचालित करने की मांग।
-
आदिवासी पट्टा: शंकरगढ़ की आदिवासी महिला को पट्टा मिलने के बावजूद कब्जा दिलाने की गुहार।
-
पेयजल संकट: नीबी और लोहगरा गांवों में गहराते जल संकट का समाधान।
प्रशासन का आश्वासन
प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लेते हुए उप जिलाधिकारी (SDM) बारा गणेश कनौजिया ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर सभी बिंदुओं की गंभीरता से जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन में पार्वती, बेबी चौधरी, संतलाल चौधरी और रूपेंद्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:
-
गंगापुर सिटी: स्कूटी के बदले नकद राशि के फैसले से छात्राओं में खुशी, छात्र नेता बोले- ‘ऐतिहासिक कदम’
2008 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2008 से 2019 तक सर्वोदय वार्ता, सर्वोदय वार्ता मैगजीन में। 2020 से 2021 तक इंडियन लाइव टीवी में । 2021 से 2023 तक दैनिक समाचार पत्र पूर्वांचल स्वर प्रयागराज में। 2023 से 2024 तक दैनिक समाचार पत्र लक्ष्मण नगर जंक्शन में। 2024 से अब तक लगातार दैनिक समाचार पत्र लक्ष्य सामग्र में। 2021 से अब तक आवाज आपकी न्यूज़ पोर्टल में पत्रकार हैं।