जिलाधिकारी ने स्कूल चलो अभियान, नामांकन, निर्माण कार्य, विद्युतीकरण और शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए
प्रयागराज। राजदेव द्विवेदी। प्रयागराज में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में संगम सभागार में आयोजित हुई। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग से संबंधित जिला टास्क फोर्स की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
खंड शिक्षा अधिकारियों की लापरवाही पर मांगा स्पष्टीकरण
बैठक में जिलाधिकारी ने करछना एवं कोरांव के खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा कार्य में लापरवाही बरतने तथा समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने दोनों अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
हाईटेंशन लाइन नहीं हटने पर अधिशासी अभियंताओं को चेतावनी
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बैठक में बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा धनराशि जमा कराए जाने के बावजूद 26 विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों को अब तक शिफ्ट नहीं कराया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अभियंताओं पर कड़ी नाराजगी जताते हुए हाईटेंशन तारों को तत्काल हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी प्रकार की दुर्घटना होती है तो संबंधित अधिशासी अभियंता की पूर्ण जिम्मेदारी होगी तथा उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
218 विद्यालयों में बिजली कनेक्शन जल्द पूरा करने के निर्देश
बैठक में यह भी सामने आया कि शिक्षा विभाग द्वारा धनराशि जमा करने के बावजूद 218 विद्यालयों में अभी तक विद्युत संयोजन नहीं कराया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अभियंताओं को चेतावनी देते हुए सभी विद्यालयों में विद्युत संयोजन का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
1 से 15 जुलाई तक स्कूल चलो अभियान पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने 1 जुलाई से 15 जुलाई तक चलने वाले दूसरे स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत शत-प्रतिशत बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा विद्यालय जाने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि कक्षा 5 उत्तीर्ण विद्यार्थियों का कक्षा 6 तथा कक्षा 8 उत्तीर्ण विद्यार्थियों का कक्षा 9 में अनिवार्य रूप से प्रवेश कराया जाए। साथ ही नामांकन की पूरी प्रक्रिया पोर्टल एप पर भी समय से अपडेट की जाए।
विद्यालयों का नियमित निरीक्षण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने तथा विद्यार्थियों के नामांकन एवं उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए, बल्कि इसका उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार लाना होना चाहिए।
उन्होंने नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत के मद्देनजर विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
निर्माणाधीन विद्यालयों के कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश
बैठक में अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय, मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय करछना तथा अन्य निर्माणाधीन विद्यालयों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था यूपीसीडको को निर्माण कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कायाकल्प योजना के अंतर्गत अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा कराने तथा जिन कार्यों का निर्माण प्रारंभ होना है, उनका जनप्रतिनिधियों से शिलान्यास कराकर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश भी दिए।
ऑपरेशन कायाकल्प के सभी 19 मानकों को पूरा करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने ऑपरेशन कायाकल्प की समीक्षा करते हुए सभी 19 पैरामीटरों का शत-प्रतिशत संतृप्तीकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए सभी विद्यालयों में फर्नीचर, विद्युतीकरण, दिव्यांग शौचालय, बाउंड्रीवाल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विद्यालय परिसरों में छायादार पौधे लगाने के निर्देश दिए।
पीएम श्री विद्यालयों में भी बढ़े नामांकन
परिषदीय विद्यालयों में नवीन नामांकन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अधिक से अधिक बच्चों का प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पीएम श्री विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने तथा कक्षा 8 उत्तीर्ण विद्यार्थियों का कक्षा 9 में प्रवेश अनिवार्य रूप से कराने पर जोर दिया।
मध्यान्ह भोजन और निपुण भारत मिशन की भी हुई समीक्षा
बैठक में मध्यान्ह भोजन योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों में निर्धारित दिवसवार मेनू एवं मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने निपुण भारत मिशन के अंतर्गत निपुण प्लस एप पर कम फीडिंग वाले खंड शिक्षा अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षकों को नवीन शिक्षण विधियों और शैक्षिक नवाचारों से जोड़ते हुए शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।