प्रयागराज में भूजल संरक्षण अभियान तेज, छात्रों व उद्योगों को किया जागरूक


भूजल सप्ताह 2026 के तहत स्कूल और औद्योगिक संस्थानों में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और भूजल पुनर्भरण तकनीकों की दी गई जानकारी।

प्रयागराज। भूजल संरक्षण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भूगर्भ जल विभाग, खंड प्रयागराज द्वारा भूजल सप्ताह 2026 (16 से 22 जुलाई 2026) के अंतर्गत सोमवार को विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्थानीय नागरिकों तथा औद्योगिक संस्थानों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और भूजल पुनर्भरण तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की शुरुआत डी.पी. पब्लिक स्कूल, प्रयागराज में आयोजित लघु गोष्ठी से हुई। गोष्ठी का उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों एवं स्थानीय समुदाय को भूजल संरक्षण के महत्व से अवगत कराना तथा जनसहभागिता के माध्यम से भूजल पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि अत्यधिक भूजल दोहन, जल प्रदूषण तथा जलवायु परिवर्तन के कारण भूजल स्तर लगातार गिरता जा रहा है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में जल संकट और गंभीर हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने और वर्षा जल संचयन को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

रिचार्ज तकनीकों की दी गई विस्तृत जानकारी

गोष्ठी के दौरान विशेषज्ञों ने रिचार्ज पिट, इंजेक्शन वेल, फर्स्ट फ्लश डिवाइस, कंटूर बंडिंग, गली प्लग तथा रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी प्रभावी भूजल पुनर्भरण तकनीकों की जानकारी दी। साथ ही छात्रों के लिए आयोजित चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता के परिणाम भी घोषित किए गए। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को भूजल संरक्षण की शपथ दिलाकर किया गया।

रिलायंस इंडस्ट्रीज में भी चला जागरूकता अभियान

इसी क्रम में रिलायंस इंडस्ट्रीज, प्रयागराज में भी विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में औद्योगिक परिसर में वर्षा जल संचयन एवं भूजल रिचार्ज तकनीकों के सुरक्षित और प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

भूगर्भ जल विभाग के विशेषज्ञों ने उद्योग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेकेदारों को रिचार्ज पिट, रिचार्ज शाफ्ट और रिचार्ज वेल जैसी संरचनाओं के डिजाइन, निर्माण, रखरखाव तथा सुरक्षा मानकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भूजल रिचार्ज करते समय यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि प्रदूषित जल सीधे भूजल में न पहुंचे तथा सभी संरचनाओं की नियमित निगरानी और समय-समय पर सफाई की जाए।

भूजल संरक्षण का लिया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों ने भूजल संरक्षण को अपनी सामाजिक एवं औद्योगिक जिम्मेदारी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन तथा वर्षा जल संचयन एवं भूजल पुनर्भरण तकनीकों को प्रभावी रूप से अपनाने का संकल्प व्यक्त किया।

अंत में भूगर्भ जल विभाग के विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के प्रश्नों के उत्तर दिए तथा जल संरक्षण से जुड़े व्यावहारिक सुझाव साझा किए। विभाग ने सभी नागरिकों से जल संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *