जिलाधिकारी ने कहा- चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, अफवाहों पर ध्यान न दें; थोक व्यापारियों के स्टॉक की आकस्मिक जांच जारी।
प्रयागराज। जिले में चीनी की जमाखोरी और कालाबाजारी को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि जनपद में वर्तमान में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आवश्यकता के अनुसार इसकी आपूर्ति भी नियमित रूप से की जा रही है। उन्होंने आमजन से सोशल मीडिया पर चीनी की कमी से संबंधित फैल रही अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आम नागरिक अपनी आवश्यकता के अनुसार खुले बाजार से चीनी खरीद सकते हैं। प्रशासन की ओर से बाजार में चीनी की उपलब्धता और थोक व्यापारियों के स्टॉक की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
थोक व्यापारियों को स्टॉक घोषित करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी थोक चीनी व्यापारियों से अपेक्षा की है कि वे भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के निर्धारित पोर्टल पर अपने चीनी स्टॉक की स्थिति तत्काल घोषित करें और उसे नियमित रूप से अपडेट करते रहें।
प्रशासन का उद्देश्य चीनी के वास्तविक स्टॉक की जानकारी उपलब्ध रखना तथा बाजार में किसी प्रकार की कृत्रिम कमी उत्पन्न होने से रोकना है।
थोक व्यापारियों के स्टॉक की होगी आकस्मिक जांच
प्रशासन की ओर से जनपद के थोक व्यापारियों के चीनी स्टॉक की आकस्मिक जांच कराई जा रही है। अधिकारियों द्वारा स्टॉक की उपलब्धता, भंडारण और बाजार में आपूर्ति की स्थिति का निरीक्षण किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि जांच के दौरान कोई व्यक्ति या व्यापारी चीनी की जमाखोरी या कालाबाजारी में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों के तहत विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे चीनी की कमी से संबंधित अपुष्ट सूचनाओं और सोशल मीडिया अफवाहों पर विश्वास न करें तथा आवश्यकता के अनुसार खुले बाजार से चीनी खरीदें।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।