बांसवाड़ा।अरुण जोशी। श्री परशुराम एवं श्री कृष्ण धाम लिमथान पर प्रस्तावित 101 कुण्डीय श्रीविष्णु महायज्ञ की तैयारियां जारी हैं। पौराणिक तीर्थ पर प्रस्तावित इस विराट आयोजन को लेकर सर्व सनातन समाज में उत्साह बना हुआ है। सर्व समाज के सहयोग से विप्र फाउंडेशन के संयोजन में होनेवाले आयोजन में सभी यजमान तैयार हो चुके हैं। कार्यक्रम संयोजक विनोद पानेरी ने बताया कि कुण्ड निर्माण एवं यज्ञशाला निर्माण प्रगति पर है।शुक्रवार को आयोजित बैठक के मुख्य अतिथि विप्र फाउंडेशन के प्रदेश महामंत्री योगेश जोशी रहे। अध्यक्षता महायज्ञ के संरक्षक स्वामी विवेकानंद महाराज बड़ोदिया ने की। इस मौके पर कल्याण मुखिया सलिया, राजेंद्र जोशी, मनोज चौबीसा, जतिन जोशी, विनोद व्यास, लक्ष्मी व्यास सहित यजमान मण्डल सहयोग में जुटा हुआ है।
परशुराम सेवा संस्थान के संयोजक महेश जोशी नवागांव ने बताया कि आयोजन के लिए विभिन्न व्यवस्था समितियां बनाई गई हैं। इसमें लिमथान, सालिया, सियापुर, नांदिया, नवागाम, ठिकरिया, सुरवानिया सहित विभिन्न गांवों के युवाओं को शामिल किया गया है। 30 अप्रेल को श्री परशुराम जयंती से 2 मई श्री शंकराचार्य जयंती तक चलने वाले महायज्ञ के लिए गांव-गांव में जन सम्पर्क किया जा रहा है। विशाल गंगाजल कलश यात्रा के लिए माताओ बहिनों से सम्पर्क किया जा रहा है। प्रधान आचार्य किशोर शुक्ला ने बताया कि आयोजन को लेकर हेमाद्रि स्नान 29 अप्रैल की शाम 3 बजे से प्रारम्भ होगी। इधर हाड़खरा पटेल समाज के पंचों के द्वारा विभिन्न गांवों में निमंत्रण पत्र वितरण का कार्य किया जा रहा है। गुजराती पाटीदार समाज, सुथार समाज, पंचाल समाज, देहाती आदिवासी समाज, आदिवासी समाज सहित विभिन्न समाजों का सहयोग मिल रहा है। सागवड़िया सरपंच बल्लू भाई दायमा, विनोद त्रिवेदी, नवीन त्रिवेदी ठिकरिया, महेश ठाकुर व जितेन्द्र शुक्ला नवागाम का भी सहयोग मिल रहा है।