मुड़िया पूर्णिमा मेले से पहले नाले और विकास कार्य पूरे करने के निर्देश, पूंछरी के धार्मिक स्थलों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई।
डीग। अमर दीप सेन। पूंछरी में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने सोमवार को डीग जिले के पूंछरी क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास एवं जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कलेक्टर मयंक मनीष भी उनके साथ मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मैदानी स्तर पर चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मुड़िया पूर्णिमा मेले से पहले नाले संबंधी कार्य पूरे करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान ओंकार सिंह लखावत ने आगामी मुड़िया पूर्णिमा मेले को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के प्रारंभ होने से पहले क्षेत्र में जल निकासी से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य बाधा नहीं है, वहां अतिरिक्त संसाधन लगाकर निर्माण कार्यों की गति तेज की जाए, जिससे सभी विकास कार्य समय पर पूरे हो सकें।
धार्मिक स्थलों पर चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा
दौरे के दौरान राजस्थान धरोहर प्राधिकरण अध्यक्ष ने पूंछरी स्थित नरसिंह मंदिर में जारी निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले मंदिर परिसर के सभी शेष निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएं।
इसके बाद उन्होंने पूंछरी का लौठा मंदिर में चल रहे निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कार्यों को शीघ्र अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
भव्य द्वार निर्माण और भविष्य की परियोजनाओं पर भी हुआ मंथन
निरीक्षण के दौरान पूंछरी में निर्माणाधीन भव्य द्वार के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही ओंकार सिंह लखावत एवं जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने क्षेत्र में उन संभावित भूमियों का भी भौतिक निरीक्षण किया, जहां भविष्य में विकास परियोजनाएं एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्य विकसित किए जा सकते हैं।
दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ भूमि की उपलब्धता तथा भविष्य में नए विकास कार्य शुरू करने की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा भी की।
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां, तहसीलदार जुगीता मीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

डीग, राजस्थान
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।