सिंधारा-झूला उत्सव में मंगल पाठ, भक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, नौका विहार और विशेष झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र।
भीलवाड़ा। फूलों की खुशबू, आकर्षक सजावट और रानी सती दादी के जयकारों के बीच रविवार को रानी सती दादी धाम सावन की भक्ति में सराबोर नजर आया। सावन के पावन अवसर पर आयोजित सिंधारा एवं झूला उत्सव में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंगल पाठ, भक्ति गीतों, धार्मिक झांकियों, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को भक्तिमय बना दिया।
बनारस की पायल अग्रवाल ने किया मंगल पाठ
उत्सव की शुरुआत बनारस की गायिका पायल अग्रवाल द्वारा रानी सती दादी के मंगल पाठ की भावपूर्ण प्रस्तुति से हुई। मधुर भजनों और मंगल पाठ के दौरान श्रद्धालु भक्ति में भाव-विभोर नजर आए। पूरा दादी धाम दादी के जयकारों से गूंज उठा।
पायल अग्रवाल ने अपनी मधुर आवाज में मंगल पाठ प्रस्तुत कर रानी सती दादी की महिमा का गुणगान किया। उनकी प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को लंबे समय तक भक्तिरस में बांधे रखा।
फूलों से सजा दादी का दरबार
दादीजी प्रचार समिति की ओर से आयोजित उत्सव में रानी सती दादी का विशेष श्रृंगार किया गया। अलवर से आए संतोष खंडेलवाल ने मंदिर एवं दादीजी का मनमोहक श्रृंगार किया।
फूलों, गजरों और आकर्षक सजावट से सजा दादी का दरबार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। पुजारी शैलेन्द्र शुक्ला ने विधि-विधान से दादीजी की आरती की।
धार्मिक झांकियों और नृत्य ने मोहा मन
उत्सव में पूजा अग्रवाल एवं निर्मला अग्रवाल ग्रुप तथा खुशबू एवं सोनाली पौद्दार ग्रुप की ओर से रानी सती दादी की विशेष झांकियां प्रस्तुत की गईं। दोनों झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।
भक्ति गीतों पर कलाकारों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। वहीं मशालों के साथ विशेष नृत्य प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उत्साह और आकर्षण बढ़ा दिया।
झूला, गजरा और नौका विहार रहे विशेष आकर्षण
सावन उत्सव में विशेष गजरा, मेहंदी उत्सव, चुनरी उत्सव, दादी का आकर्षक झूला, श्रद्धालुओं के लिए झूले और दादी का नौका विहार प्रमुख आकर्षण रहे।
श्रद्धालुओं ने विभिन्न आयोजनों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और दादीजी के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।
महाआरती और महाप्रसादी में शामिल हुए श्रद्धालु
मंगल पाठ के बाद महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। इसके बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसादी वितरित की गई।
दादी प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रदीप पौद्दार ने कहा कि सावन के पावन अवसर पर आयोजित उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर दादीजी का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी भक्तों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
समिति सदस्यों ने संभाली व्यवस्थाएं
मीडिया प्रभारी सुरेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि मंगल पाठ से लेकर झांकियों और नृत्य प्रस्तुतियों तक पूरा आयोजन भक्ति एवं उत्साह से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं में समिति सदस्यों ने जिम्मेदारी के साथ सहयोग किया।
आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं में अनिल सिंघल, राहुल अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, देवेंद्र गोयल, गोविन्द, राजेश बंसल, मनीष पंसारी, प्रदीप झुंझुनूवाला, शिव खेमका एवं राकेश जागेटिया सहित समिति सदस्यों एवं दादी भक्तों का विशेष सहयोग रहा।
उत्सव के दौरान “हर हर नारायणी घर घर नारायणी” और “जय राणी सती दादी” के जयकारों से दादी धाम गूंजता रहा।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।