भगवान आदिनाथ जन्म महोत्सव पर निकाली रथ यात्रा


सवाई माधोपुर 23 मार्च। सकल दिगंबर जैन समाज ने उपाध्याय विशोक सागर, मुनि विनिबोध सागर व आर्यिका विजयमति ससंघ के सान्निध्य में आदिनाथ दिगंबर जैन दीवानजी मंदिर प्रबंध समिति व चमत्कारजी मंदिर प्रबंध समिति के संयोजन में जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ का जन्म व दीक्षा कल्याणक महोत्सव रविवार को उत्साह पूर्वक मनाया गया।
समाज के प्रवक्ता प्रवीण जैन ने बताया कि इस अवसर पर दोपहर में शहर के चौधरी मोहल्ला स्थित आदिनाथ दिगंबर जैन दीवानजी मंदिर से मंदिर प्रबंध समिति अध्यक्ष वीरेंद्र पापड़ीवाल, मंत्री चंद्र प्रकाश संघी व कोषाध्यक्ष अशोक पांड्या के संयोजन में जिनेंद्र देव की प्रतिमा को सुसज्जित व मानव चालित रथ में मंत्रोचार पूर्वक विराजित कर गाजे-बाजे से शहर के विभिन्न मार्गों से नगर भ्रमण कराते हुए आलनपुर तक शोभायात्रा निकाली गई।
इसी क्रम में चमत्कारजी मंदिर प्रबंध समिति अध्यक्ष रमेश छाबड़ा, मंत्री योगेंद्र पापड़ीवाल व कोषाध्यक्ष सुनील बाकलीवाल के संयोजन में आलनपुर स्थित चमत्कारजी मंदिर से जिनेंद्र प्रतिमा को सजी-धजी पालकी में विराजमान कर एवं चंवर ढुलाते हुए साकेत नगर स्थित पांडुक शिला तक शोभायात्रा निकाली गई।
शोभा यात्रा के कार्यक्रम स्थल पांडुक शिला पर पहुंचने के उपरांत पंडित आशीष जैन शास्त्री व अंकित जैन के संयुक्त निर्देशन एवं सुधा संगीत मंडल के गायक राजेश बाकलीवाल व विनय पापड़ीवाल द्वारा प्रस्तुत भक्तिपूर्ण भजनों के बीच भगवान आदिनाथ की अष्ट द्रव्यों से संगीतमयी पूजन की गई।
इस मौके पर मुनि संघ ने असि, मसि व कृषि के प्रणेता भगवान आदिनाथ के जन्म व दीक्षा कल्याणक महोत्सव पर प्रकाश डाला और भगवान आदिनाथ के बताए धर्ममयी मार्ग पर चलकर जीवन को सार्थक करने पर जोर दिया।
इस मौके पर समाज अध्यक्ष अशोक बड़जात्या, महामंत्री हरसीलाल जैन श्रीमाल, महिला मंडल अध्यक्ष अंजू पहाड़िया व मंत्री अनीता संघी सहित समाज के विभिन्न संगठनों के प्रमुख महिला, पुरुष व बच्चे काफी संख्या में मौजूद रहे।
इसी प्रकार शिवाड़ में दिगंबर जैन मंदिर में सकल दिगंबर जैन समाज की ओर से आदिनाथ जयंती बड़े घूम धाम के साथ मनाई गई। विनय कुमार जैन ने बताया कि रविवार प्रातः काल आदिनाथ भगवान का अभिषेक शांति धारा के पश्चात 108 रिद्धि मंत्रों से भगवान का अभिषेक किया गया। इसके पश्चात दिगंबर जैन मंदिर से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर जैन समाज अध्यक्ष लालचंद जैन विमल कुमार जैन पवन कुमार जैन धर्मचंद जैन कमल कुमार मुकेश कुमार जैन निर्मल कुमार राकेश कुमार जैन दिनेश चंद्र महावीर प्रसाद जैन कमलेश कुमार कैलाश चंद्र जैन विनय जैन सहित धर्म प्रेमी उपस्थित थे।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now