किसानों को दी जा रही आधुनिक तकनीकों व सरकारी योजनाओं की जानकारी
सवाई माधोपुर, 30 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 विजन को साकार करने की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा चलाया जा रहा ‘‘विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025‘‘ का अब धरातल पर असर दिख रहा है। इसी क्रम में सवाई माधोपुर ज़िले के विभिन्न गाँवों में किसानों को सशक्त बनाने और उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़ने हेतु विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के दूसरे दिन कृषि विज्ञान केंद्र, सवाई माधोपुर की अगुवाई में वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिकों और विभागीय अधिकारियों की टीम ने ग्राम सीणोली, बन्धा और भगवतगढ़ में किसानों को प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ भरत लाल मीना, सहायक निदेशक कृषि कमल किशोर पहाड़िया, इफको के उप क्षेत्र प्रबंधक मनोज कुमार मीना, आत्मा परियोजना के उप निदेशक डॉ. अनुपम गोयल एवं नेतराम मीना ने किसानों से संवाद किया और उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र की दूसरी टीम जिसमें बागवानी वैज्ञानिक डॉ. सुरेश बैरवा, गृह विज्ञान विशेषज्ञ चमनदीप कौर, तथा कृषि विभाग के अधिकारी दीपक कुमार मीना, राम जीत मीना, मीया राम मीना, गिरिराज कोठारी, धरती राम मीना एवं विक्रम गुर्जर शामिल ने जौला, कावड़ और डेकवा गाँवों में जागरूकता शिविर आयोजित किए।
शिविरों के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक खेती, मृदा परीक्षण, जैविक खाद एवं कीटनाशकों के उपयोग, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण तकनीकों एवं केंद्र/राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, आत्मा योजना और कृषि यंत्रीकरण से लाभ उठाने की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण सत्रों में डिजिटल माध्यमों का भी उपयोग किया गया जिससे किसानों को कृषि संबंधित मोबाइल एप्लिकेशन, वेब पोर्टल और मौसम पूर्वानुमान सेवाओं के उपयोग की जानकारी दी गई ताकि वे तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
कृषि विज्ञान केंद्र, सवाई माधोपुर, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष, डॉ भँवर ढाका ने बताया कि इस अभियान के तहत शनिवार 31 मई को ग्राम लोरवाड़ा, बनोटा, नींदड़दा, बिणजारी, भेडोला व चौथ का बरवाड़ा में विकसित कृषि संकल्प अभियान के शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी किसानों से आह्वान किया कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और उन्नत भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।