शाहपुरा जिला स्तरीय समारोह में राजस्व मंत्री ने किया ध्वजारोहण; तीन पत्रकारों सहित 41 प्रतिभाओं का सम्मान


शाहपुरा जिला स्तरीय समारोह में राजस्व मंत्री ने किया ध्वजारोहण
जिले का सीमाकंन जनता की भावना के आधार पर-राजस्व मंत्री जाट
शाहपुरा के तीन पत्रकारों सहित 41 प्रतिभाओं का सम्मान

शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी/ नवगठित शाहपुरा जिला मुख्यालय पर मंगलवार को प्रथम जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन हुआ। राजस्व मंत्री रामलाल जाट ने झंडारोहण करके परेड की सलामी ली। इस मौके पर शाहपुरा जिला क्षेत्र की 41 प्रतिभाओं का सम्मान भी किया गया। इससे पूर्व उन्होंने त्रिमूर्ति स्मारक पर बारहठ बंधुओं की प्रतिमाओं के समक्ष पुष्प अर्पित कर श्रृद्वांजलि अर्पित की। उन्होंने स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
शाहपुरा की जिला कलेक्टर डा. मंजू व पुलिस अधीक्षक आलोक श्रीवास्तव की मौजूदगी में आयोजित समारोह में राजस्व मंत्री रामलाल जाट ने धवजारोहण किया। परेड़ का निरीक्षण कर मार्चपास्ट की सलामी ली। बाद में उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोंक गहलोत के नेतृत्व में प्रदेश में चलायी लोककल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधों की रोकथाम के लिए सभी संभव प्रयास किये है। पुलिस थानों में प्राथमिकी दर्ज कराने का कार्य अनिवार्य किया है। इससे अपराध कम हो रहे है। उन्होंने मेकाले शिक्षा पद्वति का जिक्र करते हुए कहा कि पहले संस्कार से समाज में नैतिक मूल्यों के आधार पर काम होता था। आज शिक्षा पद्वति में खामियों से शिक्षा का प्रसार तो बढ़ा पर संस्कार कम हुए है। इसके लिए सामाजिक स्तर पर जागृति जरूरी है। शिक्षा के प्रसार के साथ संस्कारों को बनाये रखने के लिए शिक्षा में परिवर्तन किया जा रहा है। प्रदेश में शिक्षा में कई नवाचार किये गये है।
राजस्व मंत्री ने कहा कि वो सदैव सत्ता के विकेंद्रीकरण के पक्ष में रहे है। मुख्यमंत्री ने लोगों की भावनाओं की क्रद करते हुए नये जिले गठित किये है। यह प्रदेश में ऐतिहासिक कदम व दूरगामी फैसला है। आज प्रशासन की पहुंच आम आदमी तक पहुंची है। उन्होंने शाहपुरा जिला गठन की सभी को बधाई देते हुए कहा कि यहां सकारात्मकता का माहौल बना रहा तो एक वर्ष के भीतर ही यहां पर तमाम भौतिक विकास करा दिये जायेगें। कलेक्ट्रेट, मिनी सचिवालय, पुलिस लाईन्स, सिविल लाईन्स, स्टेडियम, टाउन हाॅल सहित अन्य भवनों का निर्माण एक वर्ष में करा दिया जायेगा। प्रथम चरण में 100 करोड़ रू दिये है। उन्होंने शाहपुरा में सीमाकंन को लेकर हो रहे विरोध व आंदोलन का जिक्र करते हुए साफ तौर पर कहा कि जिले में किसी क्षेत्र का रहना या न रहना उस क्षेत्र की आम जनता पर ही निर्भर है। वहां की पंचायत की आम सभा के निर्णय से ही काम हो रहा है। सरकार ने रामलुभाया कमेटी का कार्यकाल भी 6 माह इसी कारण बढ़ाया है। उन्होंने आंदोलन व विरोध करने वालों से अफवाहों व भ्रम में उलझने के बजाय सच्चाई का पता करने व विधि सम्मत तरीके से अपनी बात को रखने के लिए सामने आने का आव्हान किया है।
राजस्व मंत्री रामलाल जाट, शाहपुरा की जिला कलेक्टर डा. मंजू व पुलिस अधीक्षक आलोक श्रीवास्तव ने बाद में शाहपुरा जिला क्षेत्र की 41 प्रतिभाओं का सम्मान किया। इनमें शाहपुरा एसडीओ पुनित गेलड़ा, प्रेस क्लब शाहपुरा के पत्रकार मूलचन्द पेसवानी, रामप्रकाश काबरा, अनुज कांटिया भी शामिल रहे। इससे पूर्व वीरांगनाओं व सैनिकों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विद्यार्थियों ने व्यायाम प्रदर्शन के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम व आकर्षक करतब प्रस्तुत किये।
समारोह में एएसपी किशोरीलाल, डिप्टी सुनील शर्मा, एसीओ भानुप्रताप, नगर पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी, ईओ भानुप्रताप सिंह, तहसीलदार रामकिशोर जांगीड़, कांग्रेस के नेता गजराजसिंह राणावत, संदीप महावीर जीनगर, बालमुकंद तोषनीवाल, भंवरूखां कायमखानी, हमीद खां, मुबारिक हुसैन, सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, सामाजिक कार्यकर्ता मोजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now