ग्रामीण सेवा शिविर में 30 स्वामित्व पट्टे वितरित, बछामदी में ग्रामीणों को योजनाओं का मिला लाभ


बछामदी ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में स्वामित्व पट्टे, पशु बीमा, पेंशन और चिकित्सा योजनाओं का लाभ मिला, ग्रामीणों ने जताया आभार।

नदबई। ग्रामीण सेवा शिविर के तहत उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बछामदी में मंगलवार को प्रशासन द्वारा बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन उपखंड अधिकारी (एसडीएम) सचिन यादव, तहसीलदार तरुण कुमार एवं सहायक विकास अधिकारी मुकेश शर्मा के सानिध्य में संपन्न हुआ। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित रहकर ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

सरकारी योजनाओं की दी जानकारी, लाभ लेने की अपील

शिविर में प्रशासक सरोज पुष्पेंद्र फौजदार, ग्राम विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह, गिरदावर उमेश वैष्णव, पटवारी सतीश सिंह, कनिष्ठ लिपिक सुरेंद्र डागुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी मुकेश शर्मा ने ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पात्र व्यक्तियों से अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की, ताकि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

30 स्वामित्व पट्टों का वितरण, कई योजनाओं का मिला लाभ

तहसीलदार तरुण कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए।

शिविर के दौरान स्वामित्व योजना के अंतर्गत 30 स्वामित्व पट्टे जारी कर लाभार्थियों को वितरित किए गए। इसके साथ ही मंगला पशु बीमा योजना, चिकित्सा विभाग की विभिन्न योजनाएं, पालनहार योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र ग्रामीणों को उपलब्ध कराया गया।

राजस्व प्रकरणों का भी हुआ निस्तारण

तहसीलदार तरुण कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेशानुसार दो विभाजन प्रकरणों का निस्तारण किया गया, जिनमें से एक विभाजन आपसी सहमति से संपन्न हुआ। इसके अलावा राजस्व रिकॉर्ड में 10 शुद्धियां भी की गईं, जिससे संबंधित ग्रामीणों को राहत मिली।

ग्रामीणों ने प्रशासन और सरकार का जताया आभार

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया। लाभार्थियों ने शिविर के सफल आयोजन पर प्रशासन एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर कई सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

यह भी पढ़ें: 


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *