संस्कृति, विरासत, खेल एवं जनभागीदारी का भव्य आयोजन होगा
सवाई माधोपुर 2 जनवरी। सवाई माधोपुर के 263वें स्थापना दिवस को बाघ महोत्सव एवं अमरूद महोत्सव के रूप में मनाने के विषय में जिला कलक्टर काना राम ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता की। इस दौरान जिला कलक्टर काना राम, मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार राकेश कुमार अटल, उप निदेशक कृषि आत्मा अमर सिंह, उप निदेशक पर्यटन मधुसूदन सिंह, सहायक जनसम्पर्क अधिकारी सुरेन्द्र कुमार मीणा सहित अन्य अधिकारियों ने अमरूद मोहत्सव पोस्टर का विमोचन भी किया।
जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि 17 से 19 जनवरी, 2026 तक तीन दिवसीय आयोजन श्रृंखला के अंतर्गत सवाई माधोपुर की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन, खेल, पर्यावरण चेतना, कृषि नवाचार और जनसहभागिता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उत्सव के माध्यम से जिलेवासियों सहित देशी-विदेशी पर्यटको को सवाई माधोपुर जिले की कला, संस्कृति एवं गौरव से रूबरू कराया जाएगा।
जिला कलक्टर ने बताया कि उत्सव के प्रथम दिन, 17 जनवरी को कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः 9 बजे रणथम्भौर दुर्ग में त्रिनेत्र गणेश भगवान की महाआरती की जाएगी। इसके पश्चात प्रातः 10 बजे दशहरा मैदान में फोटोग्राफी प्रदर्शनी एवं लाइव आर्ट कैंप, दोपहर 12 बजे में गणेशधाम/अटल सेवा केंद्र खिलचीपुर में परम्परागत खेल कठपुतली-शो तथा सांय 5 बजे रामेश्वर घाट, खण्डार में दीपदान का आयोजन किया जाएगा।
इसी प्रकार, उत्सव के दूसरे दिन, 18 जनवरी को प्रातः 8 बजे लवकुश वाटिका चौथ का बरवाड़ा में नेचर वॉक, प्रातः 10 बजे पुलिस लाइन में फुटबॉल मैच, प्रातः 11 दशहरा मैदान में अमरूद महोत्सव का आयोजन होगा। इसी दिन दोपहर 2 बजे दशहरा मैदान में कन्हैया एवं पद दंगल तथा सांय 7 बजे दशहरा मैदान में राजस्थानी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
उत्सव के तीसरे दिन, 19 जनवरी को प्रातः 9 बजे नगर परिषद परिसर में सवाई माधोसिंह प्रथम की प्रतिमा पर माल्यार्पण, प्रातः 10 बजे शहर सवाई माधोपुर में शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसी दिन दोपहर 2 में दशहरा मैदान, समस्त निजी एवं राजकीय विद्यालयों में सवाई माधोपुर को जानो प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। वहीं सांय 6 बजे दशहरा मैदान में मेगा म्यूजिकल नाइट का आयोजन होगा।
जिला कलक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि अमरूद महोत्सव कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के मार्गदर्शन में किसानों को आत्मनिर्भर बनाने एवं खेती को लाभकारी स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस दो दिवसीय आयोजन में जिले एवं आसपास के क्षेत्रों से प्रतिदिन 10 हजार से अधिक किसानों की सहभागिता संभावित है। उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में 15 हजार हैक्टेयर क्षेत्र में 20 हजार से अधिक किसानों द्वारा अमरूद की व्यवसायिक खेती कर 4 लाख मैट्रिक टन वार्षिक उत्पादन किया जा रहा है। जिसका अनुमानित वार्षिक मूल्य लगभग 6 अरब रुपये है।
उन्होंने बताया कि अमरूद महोत्सव में 150 से अधिक स्टॉल्स लगाई जाएगी। इनमें अमरूद की विभिन्न किस्मों, अमरूद तथा अन्य प्रसंस्करण उत्पादों, पौधों और उत्पादों की प्रदर्शनी, श्रेष्ठ उत्पादकों का सम्मान, कृषि यंत्रीकरण का जीवंत प्रदर्शन, कृषि कार्यों का लाइव डेमो, स्मार्ट फार्मिंग मॉडल, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, हाईटेक बागवानी, पशुधन एवं सहायक गतिविधियां, कृषि स्टार्टअप के डेमो, एफपीओ सहभागिता तथा कृषक वैज्ञानिक संवाद आयोजित किए जाएंगे।
काना राम ने बताया कि आईसीएआर, कृषि विज्ञान केंद्र, एपीडा, सीआईपीएचईटी लुधियाना, सीआईएसएच लखनऊ, हिसार कृषि विश्वविद्यालय सहित राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय संस्थानों के वैज्ञानिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने जिलेवासियों, किसानों एवं पर्यटकों से अपील की कि वे इन आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनकर सवाई माधोपुर की सांस्कृतिक, पर्यटन एवं कृषि पहचान को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में योगदान दें। इस अवसर पर सहित मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।