एक शिक्षक को छह पारियों में लगाने और BLO की दोहरी जिम्मेदारी पर जताई आपत्ति, जिला कलेक्टर के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर कार्यालय में दिया ज्ञापन
गंगापुर सिटी। राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) ने SET परीक्षा में बीएलओ और वीक्षक के रूप में लगाए गए शिक्षकों को ड्यूटी में शिथिलता देने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन ने एक ही शिक्षक को छह पारियों में लगातार ड्यूटी देने और बीएलओ का कार्य कर रहे शिक्षकों को भी परीक्षा में लगाने पर आपत्ति जताई।
राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) की नवीन जिला कार्यकारिणी, नवीन उपशाखाओं एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य की बैठक 29 नवंबर 2026, रविवार को गंगापुर सिटी के सालोदा मोड़ स्थित प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। बैठक दोपहर 12 बजे प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री सोहन लाल गुप्ता और जिला सभा अध्यक्ष कपिल शर्मा के नेतृत्व में हुई।
नवीन कार्यकारिणी को किया गया कार्यभार हस्तांतरित
जिला मंत्री नरेश कुमार सिसोदिया ने बताया कि बैठक में नवीन कार्यकारिणी को कार्यभार का स्थानांतरण किया गया। इसके साथ ही शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई।
बैठक में SET परीक्षा के दौरान 1 दिसंबर से 3 दिसंबर 2026 तक एक ही शिक्षक को छह पारियों में ड्यूटी पर लगाए जाने का विरोध किया गया। संगठन का कहना है कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए कर्मचारियों को सुबह 8 बजे से शाम 6:30 बजे तक खड़े रहकर जिम्मेदारी निभानी पड़ती है। इतनी लंबी अवधि तक लगातार ड्यूटी करने से शिक्षकों को परेशानी होती है।
अलग-अलग पारियों में शिक्षकों की ड्यूटी लगाने की मांग
शिक्षक संघ ने बताया कि गंगापुर सिटी ब्लॉक में पर्याप्त संख्या में शिक्षक उपलब्ध हैं। ऐसे में प्रत्येक दिन प्रथम और द्वितीय पारी में अलग-अलग शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जा सकती है। इससे शिक्षक अपनी जिम्मेदारी का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकेंगे।
BLO के रूप में कार्यरत शिक्षकों की समस्या भी उठाई
बैठक में बीएलओ का कार्य कर रहे शिक्षकों को भी SET परीक्षा में वीक्षक के रूप में लगाए जाने का मुद्दा उठाया गया। संगठन के अनुसार, बीएलओ प्रतिदिन अपने निर्धारित क्षेत्र में उप जिला कलेक्टर के आदेशानुसार कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा 2 दिसंबर 2026 को बीएलओ को मतदान केंद्रों पर महिला क्लस्टर का आयोजन भी करवाना है।
ऐसे में एक साथ दोनों जिम्मेदारियां निभाने में शिक्षकों को परेशानी हो सकती है। संगठन ने बीएलओ के कार्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें SET परीक्षा की ड्यूटी में शिथिलता देने की मांग की।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर कार्यालय में सौंपा ज्ञापन
इन समस्याओं को लेकर राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) की ओर से अतिरिक्त जिला कलेक्टर कार्यालय में जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन के माध्यम से SET परीक्षा में शिक्षकों की ड्यूटी का उचित निर्धारण करने, एक ही शिक्षक को छह पारियों में लगाने से बचने तथा बीएलओ के रूप में कार्यरत शिक्षकों को राहत देने की मांग रखी गई।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।