रामकोठी के डोम में लोक कवि मोहन मंडेला की स्मृति में सजा साहित्यिक मंच, राधेश्याम मेवाड़ी को लोक साहित्य सम्मान से किया सम्मानित
शाहपुरा। शब्दों में संवेदना, गीतों में लोक संस्कृति की मिठास, हास्य-व्यंग्य में समकालीन समाज की तस्वीर और वीर रस की ओजस्वी अभिव्यक्ति। शनिवार रात रामकोठी के डोम में कुछ ऐसा ही साहित्यिक माहौल देखने को मिला, जब लोक कवि मोहन मंडेला की स्मृति में आयोजित 29वें अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देश के नामचीन कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
कहीं हास्य की फुलझड़ियों ने श्रोताओं को ठहाके लगाने पर मजबूर किया तो कहीं वीर रस की कविताओं ने जोश भर दिया। गीत, गजल और राजस्थानी लोक साहित्य की प्रस्तुतियों के बीच यह आयोजन केवल कवि सम्मेलन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि साहित्य, संस्कृति, सम्मान और स्मृतियों का यादगार उत्सव बन गया।
साहित्य सृजन कला संगम संस्थान के तत्वावधान में आयोजित समारोह में रामस्नेही संप्रदाय के पीठाधीश्वर जगद्गुरु आचार्य रामदयालजी महाराज, खास मेहमान भीलवाड़ा नगर निगम के उप महापौर राधेश्याम सोमाणी, मुख्य अतिथि विधायक डॉ. लालाराम बैरवा तथा विशिष्ट अतिथि पुलिस उपाधीक्षक नानालाल और एमएलडी ग्रुप के निदेशक चंद्रप्रकाश दुबे सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सेन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। पंचायत समिति प्रधान पुष्पा लढ़ा, उप प्रधान प्रतिनिधि भंवर जाट, पालिका उपाध्यक्ष इशाक खान, सत्येंद्र बिड़ला और सरपंच प्रेमराज मीणा सहित आमंत्रित कवियों का मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर, माल्यार्पण और स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया।
राधेश्याम मेवाड़ी को मिला लोक साहित्य सम्मान
समारोह का प्रमुख आकर्षण लोक कवि मोहन मंडेला की स्मृति में प्रतिवर्ष प्रदान किया जाने वाला लोक साहित्य सम्मान रहा। इस वर्ष राजस्थानी एवं हिंदी भाषा के प्रतिष्ठित कवि, लेखक और साहित्यकार राधेश्याम मेवाड़ी को इस सम्मान से नवाजा गया।
संस्थान परिवार, अतिथियों और उपस्थित कवियों ने उन्हें श्रीफल, शॉल, नकद राशि और मानपत्र भेंट कर सम्मानित किया। मानपत्र का वाचन संस्थान अध्यक्ष जयदेव जोशी ने किया।
सम्मान के प्रत्युत्तर में राधेश्याम मेवाड़ी ने लोक कवि मोहन मंडेला के व्यक्तित्व और उनके साहित्यिक अवदान को याद किया। इस दौरान उन्होंने अपने खंडकाव्य ‘चंदन के बलिदान’ का प्रभावशाली पाठ कर श्रोताओं को प्रभावित किया।
चुनावी व्यंग्य से वीर रस तक कवियों ने बांधा समां
काव्यपाठ का शुभारंभ हाड़ौती अंचल के गीतकार भेरूलाल भास्कर ने मां शारदे की वंदना के साथ किया। इसके बाद आंचलिक हास्य कवि ओम आदर्शी ने ठेठ ग्रामीण अंदाज में लोक कवि की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्रोताओं को खूब गुदगुदाया।
हास्य कवि दिनेश बंटी ने हाल ही में संपन्न चुनावों पर अपनी चुटीली टिप्पणियों से खूब ठहाके लगवाए। उनकी रचना ‘भाषण कला’ पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं।
युवा वीर रस के कवि महेश डांगरा ने अपनी ओजस्वी प्रस्तुति से माहौल में जोश भर दिया। भाई की महत्ता पर आधारित उनकी रचना को श्रोताओं ने विशेष रूप से पसंद किया और वन्स मोर की मांग की।
लाफ्टर फेम हास्य कवि मनोज गुर्जर ने अपनी विशिष्ट शैली से श्रोताओं का मनोरंजन किया। वहीं, कवयित्री भावना लौहार के गीतों और गजलों को भी भरपूर सराहना मिली। राजस्थानी हास्य गीतकार राजकुमार बादल ने अपनी चुटीली टिप्पणियों और एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से श्रोताओं को हंसी से लोटपोट कर दिया।
मंडावा से आए हिंदी गीतकार पंकज प्रसून ने राम पर आधारित गीत प्रस्तुत कर मंच की गरिमा को नई ऊंचाई दी। सत्येंद्र मंडेला ने भी अपने गीतों से श्रोताओं को प्रभावित किया।
अंतरराष्ट्रीय हास्य-व्यंग्य कवि सुरेंद्र यादवेन्द्र ने अपने छंदों और हकलाहट पर आधारित रचना से विशेष प्रभाव छोड़ा। वहीं, शानदार संचालन कर रहे हास्य कवि विपुल विद्रोही ने अपनी टिप्पणियों और काव्य अंशों से पूरे आयोजन में ऊर्जा बनाए रखी।
पिता की कविताओं से कैलाश मंडेला ने ताजा की स्मृतियां
कार्यक्रम संयोजक डॉ. कैलाश मंडेला ने अपने पिता लोक कवि मोहन मंडेला की विशिष्ट रचनाओं की बानगी प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावुक कर दिया। श्रोताओं की मांग पर उन्होंने ‘मत करै रात दिन तणपट्ट’ सहित अन्य गीतों के अंश सुनाए।
उनकी प्रस्तुति ने लोक कवि मोहन मंडेला की साहित्यिक विरासत और जनमानस में उनकी लोकप्रियता को एक बार फिर जीवंत कर दिया। अंत में गुरु वंदना के साथ काव्यपाठ का समापन हुआ।
विधायक और पालिका अध्यक्ष ने दोहराई विकास की प्रतिबद्धता
कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने शाहपुरा के विकास के लिए राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से ऊपर उठकर सभी जनप्रतिनिधियों को मिलकर काम करने का संदेश दिया। नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सेन ने भी शहर के विकास के प्रति प्रतिबद्धता जताई और साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को प्रभावशाली बनाने में सहयोग का भरोसा दिलाया।
रामस्नेही संप्रदाय के पीठाधीश्वर आचार्य रामदयालजी महाराज ने धर्म और साहित्य के संगम की महत्ता बताते हुए आयोजन की सराहना की। उन्होंने आयोजकों को बधाई दी और भविष्य में भी इस कवि सम्मेलन को प्रतिवर्ष रामधाम के डोम में आयोजित करने की स्वीकृति प्रदान की।
दिवंगत साहित्यकारों को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के अंत में डॉ. कैलाश मंडेला ने संस्था परिवार से जुड़े दिवंगत कवि भंवर गौड़ भड़ाका, हाड़ौती के वरिष्ठ गीतकार दुर्गादान सिंह गौड़, चूरू के साहित्यकार भंवर सिंह सामौर और बगड़ के गीतकार भागीरथ सिंह भाग्य सहित दिवंगत साहित्यकारों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
लोक कवि मोहन मंडेला की स्मृति में परंपरागत रूप से दो मिनट तक तालियों की गड़गड़ाहट के बीच आयोजन को अगले वर्ष तक के लिए स्थगित किया गया। अंत में संस्थान अध्यक्ष जयदेव जोशी ने सभी अतिथियों, कवियों और उपस्थित श्रोताओं का आभार जताया।
यह भी पढ़ें:

Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।