अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकी शाहपुरा की प्रतिभा, ख्याति मेहता को विश्व की 15 सम्मानित महिलाओं में मिला स्थान


शाहपुरा|अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शाहपुरा की प्रतिभा ने एक बार फिर नगर का गौरव बढ़ाया है। अमेरिका की प्रतिष्ठित आईटी कंपनी SF BEN द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आईटी एवं वेलफेयर क्षेत्र में विश्व की 15 विशिष्ट महिलाओं की सूची जारी की गई, जिसमें शाहपुरा से जुड़ी प्रतिभा ख्याति मेहता को 9वां स्थान प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय है कि इस सूची में भारत से उन्हें प्रथम स्थान पर सम्मानित किया गया है।
शाहपुरा के प्रतिष्ठित रतनलाल एवं नजर देवी सेठी की पौत्रवधू तथा राजेन्द्र और ऋतु सेठी की पुत्रवधू, यश सेठी की धर्मपत्नी ख्याति मेहता को यह सम्मान प्राप्त होना पूरे नगर, सेठी परिवार और दिगम्बर जैन समाज के लिए गर्व और खुशी का विषय है। उनकी इस उपलब्धि पर नगरवासियों, समाजबंधुओं तथा परिचितों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
ख्याति मेहता सेल्सफोर्स इकोसिस्टम की एक ऊर्जावान एवं प्रेरणादायक लीडर हैं तथा डब्ल्यूआईटी ड्रीमिन’ (WIT Dreamin’) की संस्थापक भी हैं। उनकी विशेषता लोगों को आपस में जोड़ना, कम्युनिटी को सशक्त बनाना और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
सेल्सफोर्स इकोसिस्टम में वे मार्केटिंग चैंपियन, सर्विसब्लेजर एपीएसी की ग्रुप लीडर, ट्रेलब्लेजर कम्युनिटी फोरम एम्बेसडर, ट्रेलहेड मेंटर तथा भारत में पॉडकास्ट होस्ट के रूप में सक्रिय योगदान दे रही हैं। इसके साथ ही वे टॉप-10 आंसर कम्युनिटी लीडर के रूप में भी लोगों को निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान कर रही हैं।
दूसरों को आगे बढ़ाने की उनकी प्रतिबद्धता उनके हर प्रयास में स्पष्ट दिखाई देती है। चाहे डब्ल्यूआईटी ड्रीमिन’ के तीन सफल संस्करणों का आयोजन हो, नए लोगों को मार्गदर्शन देना हो या अनुभवी पेशेवरों को नई दिशा प्रदान करना—वे हर क्षेत्र में प्रेरणादायक भूमिका निभा रही हैं।
उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से न केवल सेठी परिवार बल्कि शाहपुरा नगर एवं सम्पूर्ण दिगम्बर जैन समाज का नाम राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गौरवान्वित हुआ है।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now