किसान जागरूकता कार्यक्रम में दलहन उत्पादन बढ़ाने पर जोर, अधिकारियों ने अरहर और बाजरा की फसलों का निरीक्षण कर किसानों को दिए सुझाव
प्रयागराज। राजकीय कृषि बीज भंडार, शंकरगढ़ में मंगलवार को मिशन फॉर आत्मनिर्भरता इन पल्सेज योजना के अंतर्गत किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला किसानों को मिनीकिट वितरित कर प्रोत्साहित किया गया। अधिकारियों ने किसानों को दलहन की उपयोगिता, सरकारी योजनाओं और उन्नत खेती की तकनीकों की जानकारी दी। इसके बाद खेतों का निरीक्षण कर अरहर और बाजरा की फसलों की स्थिति का जायजा लिया गया।
दलहन उत्पादन बढ़ाकर आत्मनिर्भरता पर जोर
कार्यक्रम में भारत सरकार के दलहन निदेशक के प्रतिनिधि डॉ. आर.एन. अहिरवार, उप कृषि निदेशक कार्यालय के एनएफएसएम सलाहकार सुरेश दुबे एवं मोहम्मद साकिब, तहसील बारा के एसएमएस मुकेश कुमार तथा शंकरगढ़ के एडीओ एजी मनोज कुमार द्विवेदी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने किसानों को दलहन फसलों के महत्व और भारत सरकार तथा राज्य सरकार की ओर से संचालित कृषि योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक क्षेत्र में दलहन की खेती करने का आह्वान किया, ताकि देश को दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के लक्ष्य को आगे बढ़ाया जा सके।
महिला किसानों को वितरित किए मिनीकिट
कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय महिला कृषक वर्ष के उपलक्ष्य में कार्यक्रम में उपस्थित महिला किसानों को मिनीकिट वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य महिला कृषकों को प्रोत्साहित करना और कृषि गतिविधियों में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
अरहर की फसल का निरीक्षण कर दिए सुझाव
कार्यक्रम के बाद अधिकारियों ने खेतों का भ्रमण किया और खरीफ सीजन में बोई गई अरहर की फसल का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी गईं।
अधिकारियों ने किसानों को बेहतर उत्पादन के लिए पंक्ति में बुवाई, उचित बीज दर और कृषि रसायनों के सही उपयोग की सलाह दी। उन्होंने खेती में निर्धारित कृषि तकनीकों को अपनाने और फसल प्रबंधन पर ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
बाजरा के खेतों का भी किया भ्रमण
राजकीय कृषि बीज भंडार शंकरगढ़ के प्रभारी राहुल बागरी और बीटीएम अनिल कुमार ने अधिकारियों को बाजरा की फसल वाले खेतों का भ्रमण कराया। इस दौरान फसलों की स्थिति देखी गई और किसानों से खेती से जुड़ी जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के दौरान गोलहिया गांव के किसान मोहन लाल, धर्मराज सिंह, रामराज सिंह, रामदास, लल्लू और रमेश कुमार सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।