कासगंज रोड स्थित श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ की हुई शुरुआत


सप्ताह ज्ञान यज्ञ की शुरुआत पर महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा

कथा वाचक साध्वी मनीष बृजवासी ने की भागवत सप्ताह की शुरुआत

नदबई के कासगंज रोड स्थित गली नंबर 17 में श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ समारोह का शुभारंभ शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कथा स्थल से शुरू हुई कलश यात्रा में बैंड-बाजे और डीजे की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। यात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया, जिनके भक्ति नृत्य ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

कलश यात्रा जब शहर के मुख्य मार्गों से होकर निकली, तो जगह-जगह पर शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया। लोगों ने घरों की छतों और सड़कों के किनारे से श्रद्धापूर्वक कलश यात्रा का अभिनंदन किया। उसके बाद कलश यात्रा कथा स्थल पर पहुंची, जहां विशेष पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धेय साध्वी बाल व्यास मनीषा बृजवासी द्वारा कलश स्थापना संपन्न कराई गई।

कथा के प्रथम दिवस साध्वी बाल व्यास मनीषा बृजवासी ने श्रीमद्भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि, श्रीमद्भागवत केवल एक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को ईश्वर की भक्ति में रंगने की अद्भुत साधना है। उन्होंने श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और भक्ति की महिमा सुनाते हुए बताया कि कैसे मन, वचन और कर्म से भगवान का स्मरण करने वाला व्यक्ति सांसारिक बंधनों से मुक्त होकर ईश्वर की शरण में पहुंचता है। साध्वी ने यह भी बताया कि, कथा श्रवण से मन को शांति मिलती है, पापों का नाश होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

यह भी पढ़ें :  कोतवाली थाना परिसर में सीएलजी सदस्यों की बैठक हुई आयोजित

आयोजन समिति के प्रमुख रामसिंह ने बताया कि, श्रीमद्भागवत सप्ताह कथा का आयोजन 3 मई से 9 मई तक किया जा रहा है। कथा के समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहर सहित आसपास के गांवों से श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। उन्होंने सभी शहरवासियों से अनुरोध किया कि, अधिक से अधिक संख्या में आकर कथा श्रवण का लाभ लें और भंडारे में सम्मिलित होकर प्रसाद ग्रहण करें।

इस मौके पर रामसिंह, कुंदन सिंह, पाच्या, माधो सिंह, विष्णु कुमावत और आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now