सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर नया नियम, 60 हजार से अधिक आय पर होगी बंद


पेंशन सत्यापन से पहले जन आधार में आय प्रमाण पत्र अपलोड करना अनिवार्य, ई-मित्र केंद्र पर चार पेज का प्रमाण पत्र करवाना होगा अपडेट।

सूरौठ। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत पेंशन प्राप्त कर रहे वृद्धजन, विधवा एवं दिव्यांग पेंशनधारियों के लिए महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। सरकार की नई गाइडलाइन के अनुसार 60 हजार रुपए से अधिक वार्षिक आय होने पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन बंद की जाएगी। इसके लिए अब पेंशनधारियों को सत्यापन प्रक्रिया से पहले अपना आय प्रमाण पत्र बनवाकर जन आधार कार्ड में अपलोड करवाना अनिवार्य होगा।

नई व्यवस्था के तहत आय प्रमाण पत्र जन आधार कार्ड में अपडेट होने के बाद ही पेंशन सत्यापन की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। सरकार की इस नीति के अंतर्गत फर्जी तरीके से पेंशन प्राप्त करने वाले लोगों की विशेष जांच भी की जाएगी। ऐसे में पेंशनधारियों को अपनी वास्तविक आय का विवरण उपलब्ध करवाना होगा।

ई-मित्र केंद्र पर करवाना होगा आय प्रमाण पत्र अपडेट

आईटी विभाग से जुड़े भुकरावली निवासी वीपी सिंह मीणा ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने वाले लोगों को अपने नजदीकी ई-मित्र केंद्र पर जाकर जन आधार कार्ड में आय प्रमाण पत्र अपडेट करवाना होगा।

इसके लिए पेंशनधारी को चार पेज का आय प्रमाण पत्र और चालू मोबाइल नंबर उपलब्ध करवाना होगा। जन आधार कार्ड में आवश्यक जानकारी अपडेट होने के बाद ही पेंशन सत्यापन की प्रक्रिया पूरी हो पाएगी। इसलिए पेंशनधारियों को समय रहते अपने दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी करवानी चाहिए।

60 हजार रुपए से अधिक आय होने पर बंद होगी पेंशन

वीपी सिंह मीणा के अनुसार आय प्रमाण पत्र में दर्ज वार्षिक आय का विशेष महत्व रहेगा। यदि किसी पेंशनधारी की आय का विवरण 60 हजार रुपए से अधिक पाया जाता है तो सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से उसकी सामाजिक सुरक्षा पेंशन बंद कर दी जाएगी।

नई व्यवस्था का उद्देश्य पेंशन सत्यापन के दौरान पात्रता और आय संबंधी जानकारी की जांच करना है। इसके तहत वृद्धजन, विधवा एवं दिव्यांग पेंशनधारियों को अपनी वास्तविक वार्षिक आय का विवरण प्रमाण पत्र में दर्ज करवाना होगा।

चार पेज के आय प्रमाण पत्र पर सरकारी गवाहों के हस्ताक्षर जरूरी

बताया गया कि आय प्रमाण पत्र चार पेज के निर्धारित फॉर्म में तैयार करवाना होगा। इसमें संबंधित व्यक्ति को अपनी वास्तविक आय का पूरा विवरण दर्ज करना होगा। इसके साथ ही दो सरकारी गवाहों के हस्ताक्षर और उनकी मोहर लगवानी होगी। इसके बाद आय प्रमाण पत्र को नोटरी करवाना भी आवश्यक बताया गया है।

इन सभी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद ही आय प्रमाण पत्र जन आधार कार्ड में अपडेट हो सकेगा। इसके बाद पेंशनधारी का सत्यापन आगे बढ़ेगा। ऐसे में पेंशनधारियों को आय प्रमाण पत्र बनवाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज और औपचारिकताएं पूरी करने पर ध्यान देना होगा।

पांच वर्षों से जरूरतमंद परिवारों की मदद कर रहे वीपी मीणा

भुकरावली निवासी वीपी सिंह मीणा पिछले पांच वर्षों से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। वे विधवा, दिव्यांग एवं बुजुर्ग पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ गरीब और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

वे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने का काम करते हैं। इसके लिए उन्होंने ऑनलाइन व्हाट्सएप ग्रुप भी बना रखे हैं। इन ग्रुपों के माध्यम से लोगों तक योजनाओं और आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी पहुंचाई जाती है।

इसके अलावा वीपी मीणा घर-घर जाकर ग्रामीणों को जागरूक करते हैं और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाते हैं। उनके इन प्रयासों से पिछले पांच वर्षों में सैकड़ों गरीब परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *