सवाई माधोपुर, 29 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित ‘विकसित भारत 2047′ के अंतर्गत देशभर में चल रहे विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025’ के तहत आज सवाई माधोपुर जिले के विभिन्न गाँवों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह अभियान किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं, और प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
कृषि विज्ञान केंद्र व कृषि विभाग वैज्ञानिक व अधिकारियों डॉ भँवर ढाका ने बताया कि गुरुवार प्रातः 9:30 बजे कृषि विज्ञान केंद्र, सवाई माधोपुर में एक भव्य उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान रथ’ को हरी झंडी दिखाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष,अमर सिंह, परियोजना निदेशक, आत्मा, राकेश कुमार अटल, संयुक्त निदेशक कृषि, डॉ हेमराज मीणा, उप निदेशक उद्यान, खेमराज मीणा, सहायक निदेशक कृषि, मनोज कुमार मीणा, ज़िला प्रबन्धक इफ्फ्को, कमाल किशोर पहड़िया सहायक निदेशक कृषि, डॉ भारत लाल मीणा, वरिष्ठ कीट वैज्ञानिक, डॉ चमनदीप कौर, गृह वैज्ञानिक, डॉ सुरेश बैरवा, बागवानी वैज्ञानिक, नेतरम मीणा, सम्पत सिंह मीणा, समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
ये गांव रहे केंद्र में: इस अभियान के अंतर्गत आज जिले के छह गांवों अजनोटी, दुबी बनास, जटवाड़ा कलाँ, जुवाड़, रवांजना डूंगर, और रवांजना चोड़ में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रत्येक गांव में कृषि वैज्ञानिकों, कृषि पर्यवेक्षकों और संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों, जैविक एवं प्राकृतिक खेती के लाभ, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, ड्रिप सिंचाई प्रणाली, और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में जानकारी दी गई।
फोकस रहा तकनीक और नवाचार परः अभियान के दौरान किसानों को मोबाइल ऐप्स, किसान पोर्टल और डिजिटल तकनीकों के उपयोग के बारे में भी बताया गया, जिससे वे मौसम, बाजार भाव, और सरकारी योजनाओं से अपडेट रह सकें। स्थानीय किसानों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम उन्हें नई जानकारी देने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रेरित करते हैं।
प्रदर्शन और संवाद कार्यक्रमः गांवों में खेत पर प्रदर्शन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जहां किसानों को उन्नत बीज, खाद, कीटनाशक के वैज्ञानिक प्रयोग और परिणामों को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर मिला। इसके साथ ही, किसान-वैज्ञानिक संवाद सत्रों के माध्यम से किसानों की समस्याओं का समाधान भी मौके पर किया गया।
किसानों में दिखा उत्साहः स्थानीय किसानों ने अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि इससे उन्हें खेती के क्षेत्र में न सिर्फ नई दिशा मिली है, बल्कि सरकारी योजनाओं के बारे में वास्तविक और सही जानकारी भी उपलब्ध हुई है।
अभियान रहेगा जारीः कृषि विज्ञान केंद्र, सवाई माधोपुर, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष, डॉ भँवर ढाका ने बताया कि यह अभियान जिले के अन्य गांवों में भी चरणबद्ध रूप से चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसानों को लाभ पहुंचाया जा सके। उन्होंने सभी किसानों से आह्वान किया कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और उन्नत भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।