नदबई-कस्बे में माँ पथवारी मंदिर पर माँ पथवारी मंदिर सेवादल समिति के तत्वाधान में हिंदू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्रि के शुभ आगमन का पर्व बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में माँ पथवारी के समक्ष 108 दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत “जय श्री राम” लिखा गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। पूरे वातावरण में माता रानी और जय श्री राम के जयकारों से भक्ति का माहौल गूंज उठा।
सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना
कार्यक्रम के दौरान सेवादल समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने कस्बा वासियों के लिए सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। दीपों की रोशनी और भक्तों की आस्था ने मंदिर परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
नवसंवत्सर का विशेष धार्मिक महत्व
सेवादल सदस्य जगदीश प्रसाद सैनी ने बताया कि, हिंदू नवसंवत्सर चैत्र नवरात्रि की प्रतिपदा तिथि को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दिन माँ दुर्गा और भगवान श्री राम की पूजा का विशेष महत्व होता है। उन्होंने कहा कि, इस पूजा से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार होता है।
प्रकृति भी कर रही नववर्ष का स्वागत
उन्होंने आगे बताया कि, चैत्र मास के दौरान प्रकृति भी अपने नव रूप में दिखाई देती है। पेड़-पौधों पर नए पुष्प खिलने लगते हैं, जिससे वातावरण और भी मनमोहक हो जाता है। मानो प्रकृति स्वयं नवसंवत्सर का स्वागत कर रही हो।
नौ दिनों तक होंगे धार्मिक अनुष्ठान
मंदिर में चैत्र नवरात्रि के तहत विधिवत घट स्थापना की जाएगी और आगामी नौ दिनों तक हवन एवं विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।
सेवादल समिति के सदस्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर विनोद सैनी, अजय सैनी, पुष्पेंद्र सैनी, गुलशन सैनी, लोचन सैनी, जगदीश प्रसाद सैनी, सौरभ सैनी सहित सेवादल समिति के कई सदस्य एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।