धुमधाम से मनाया गणगौर का त्यौहार


छोटे-छोटे दूल्हा-दुल्हन बनाकर बाग बगीचों में रचाई शादी

सवाई माधोपुर 31 मार्च। जिले भर में 31 मार्च को गणगौर का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला मुख्यालय पर जहाँ गणगौर की सवारी निकाली गई। वहीं महिलाओं एवं कन्याओं ने घरों एवं मन्दिरों में ईसर गणगौर का पूजन किया।
जिला मुख्यालय पर शहर में ईसर गणगौर की भव्य सवारी का आयोजन हुआ। इस अवसर पर आयोजित मेले का खासकर महिलाओं एवं बच्चों ने भरपूर आनन्द लिया। घरों पर महिलाओं ने अपने सुहाग की लम्बी आयु के लिए तो कन्याओं ने योग्य वर की कामना के साथ ईसर गणगौर का पूजन किया। इस दौरान भगवान एवं माताजी को गुणो का भोग लगाया गया।
इसी प्रकार चौथ का बरवाड़ा कस्बे के के शिव मंदिर पार्क, महाराजा’ भीमसिंह उद्यान सहित अनेक मोहल्लों मे ढोल-बाजे के साथ छोटी- छोटी बालिकाओं का सांकेतिक विवाह हुआ। दरअसल, शीतलाष्टमी के अवसर पर गणगौर पूजने वाली महिलाओं की टोली अपने घर की नन्हीं बच्चियों को ईसर गणगौर का स्वरूप मानते हुए, उन्हें दूल्हा दुल्हन बनाकर बाग बगीचों की सैर कराने के लिए निकली। यहां दूल्हा-दुल्हन बनी बच्चियों का सांकेतिक विवाह रचाया गया और महिलाओं ने गणगौर माता के गीत गाते हुए सुहाग की लंबी उम्र की कामना की। इस दौरान महिलाओं ने बताया कि उनके घर में होली के अगले दिन धुलंडी से गणगौर माता की पूजा की जा रही है और सोमवार को आठवें दिन सुबह गणगौर माता की पूजा के बाद, शीतलाष्टमी मनाई गई और शाम को गाजे बाजे के साथ छोटी बच्चियों को दूल्हा दुल्हन बनाकर बारात निकलते हुए यहां उनका विवाह रचाने के लिए आए हैं। ये बच्चियों भगवान शिव और माता पार्वती का स्वरूप है। वही घरों मे भी महिलाओं ने मंगलगीत गए एवं गणगौर माता की पूजा अर्चना की। शाम को गढ़ से गणगौर माता की सवारी निकाली गई जो कस्बे के विभिन्न मार्गों से होती हुई चौथ माता सरोवर पर जाकर सम्पन्न हुई।
इसी प्रकार मलारना डूंगर कस्बे में पढ़या मोहल्ले में कन्याओं व विवाहित महिलाओं ने सोलह शृंगार कर विधिविधान हर्षाेल्लास से ईसर गणगौर की व्रत रख पूजा अर्चना की। इस पर्व में ईशर को भगवान शिव व गणगौर को पार्वती का रूप माना गया है। सोलह दिनों तक पूजा की जाती है। गणगौर के पवित्र दिन कन्या व महिलाएंे सोलह श्रृंगार कर दूब पुष्प के साथ घर में बने गुणों मिठाई से मंगल गीत गाते हुए पूजन करती है।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now