कलश एवं भव्य शोभायात्रा के साथ होगा शुभारंभ-जगह जगह पुष्प वर्षा से होगा भव्य स्वागत
बांसवाड़ा।अरुण जोशी। धार्मिक नगरी पुष्कर में आज रविवार, 8 मार्च से एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व आध्यात्मिक आयोजन की शुरुआत होने जा रही है। कलयुग का पहला और पुष्कर के इतिहास में अभी तक का सबसे बड़ा 43 दिवसीय शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ आज कलश एवं भव्य शोभायात्रा के साथ प्रारंभ होगा । परम पूज्य स्वामी प्रखर जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर महा निर्वाणी अखाड़े के महामंडलेश्वर विशोकानंद जी भारती सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहेंगे। यह महायज्ञ 19 अप्रैल तक 43 दिनों तक निरंतर चलेगा। महायज्ञ के लिए विशेष रूप से 200 यज्ञ कुंड बनाए गए हैं, जहां विद्वान आचार्यों के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देशभर से पहुंचे हुए 200 यजमान दंपति प्रतिदिन आहुतियां देंगे । महायज्ञ स्थल पर ही प्रतिदिन लगभग 2000 संध्या-वंदन करने वाले विप्र गायत्री मंत्र का सामूहिक जाप करेंगे। इस प्रकार पूरे आयोजन के दौरान करीब 27 करोड़ गायत्री मंत्रों के जाप का संकल्प लिया गया है, जिसे विश्व शांति और मानव कल्याण के उद्देश्य से समर्पित किया गया है। यह महायज्ञ प्रखर परोपकार मिशन ट्रस्ट और विप्र फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम की तैयारिया पूर्ण कर ली गई है । यह रहेगा कलश यात्रा का कार्यक्रम महायज्ञ के शुभारंभ के लिए आज दोपहर साढ़े तीन बजे प्रखर जी महाराज के सान्निध्य में कई संत महात्मा , यजमान परिवार , दो हजार विद्वान पंडितों के साथ साथ सैकड़ों श्रद्धालु महिला पुरुष यज्ञ स्थल से रवाना होकर ब्रह्म घाट पहुंचेंगे जहां सरोवर की पूजा अर्चना के पश्चात मौजूद हजारों महिलाएं सिर पर कलश धारण करके यात्रा प्रारंभ करेंगी । खास बात यह है कि इस शोभायात्रा में तीन अलग अलग बैंड , ध्वज वाहक घोड़े , छह बग्घियां के साथ साथ सात आकर्षक झांकियां भी शामिल होंगी जिनका कस्बे में जगह जगह हजारों किलों पुष्पों से भव्य स्वागत किया जाएगा । यह कलश यात्रा गऊ घाट , सदर बाजार , बद्री घाट , वराह चौक , महादेव चौक , सूर्य धर्मशाला , नए रंग जी मंदिर , गुरुद्वारा, हाई लेवल ब्रिज , ब्रम्ह सावित्री वेद विद्यापीठ होते हुए पुनः यज्ञ स्थल पर जाकर सम्पन्न होगी जहां यात्रा का भव्य स्वागत होने के पश्चात सभी यजमानों द्वारा कलश स्थापित किए जाएंगे। ये जानकारी विप्र फाउंडेशन प्रदेश महामंत्री योगेश जोशी ने दी।