नदबई में सोमवार रात को दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए नदबई के राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों ही हादसे बाइक सवारों के असंतुलित होने के कारण हुए।
पहला हादसा: खंगारी रोड पर बाइक अनियंत्रित होकर स्लिप हुई
108 एंबुलेंस ईएमटी विष्णु शर्मा के अनुसार, वैर थाना क्षेत्र निवासी विजय सिंह (42) पुत्र केहरी अपनी बाइक से नदबई से अपने गांव जा रहा था। जैसे ही वह नदबई-हलैना सड़क मार्ग पर गांव खंगारी के पास पहुंचा, तो उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। हादसे में विजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। ईएमटी विष्णु शर्मा व पायलट की सहायता से घायल को तुरंत नदबई के राजकीय जिला अस्पताल ले जाया गया। घायल के सिर में चोट आई।
दूसरा हादसा: बेसहारा गाय को बचाने के प्रयास में बाइक स्लिप हुई
दूसरा हादसा नदबई-लुहासा सड़क मार्ग पर हुआ। नदबई निवासी जितेंद्र (32) अपनी बाइक पर सवार होकर कामां से नदबई आ रहा था। जैसे ही वह लुहासा रोड पर पहुंचा, अचानक एक बेसहारा गाय उसके सामने आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में जितेंद्र की बाइक असंतुलित होकर सड़क पर स्लिप हो गई। हादसे में जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने निजी वाहन से घायल जितेंद्र को नदबई के राजकीय जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, जितेंद्र के सिर और पैर में गंभीर चोट आई है।