दो बाइको की टक्कर में दो युवक घायल एक की हालत गंभीर होने के चलते भरतपुर किया रेफर


कृषि उपज मंडी के पास हुआ सड़क हादसा

नदबई|डहरा सड़क मार्ग पर स्थित कृषि उपज मंडी के समीप मंगलवार देर रात दो बाइकों के बीच हुई जोरदार टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गए। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को निजी वाहन की मदद से नदबई के राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां एक घायल की हालत नाजुक होने पर उसे भरतपुर चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, नदबई थाना क्षेत्र के गांव बैलारा निवासी गोवर्धन (40) पुत्र महेंद्र सिंह मंगलवार रात को अपने एक परिचित के साथ बाइक से गांव की ओर जा रहा था। वहीं दूसरी ओर शांति कॉलोनी, नदबई निवासी रमेश (45) पुत्र कुंवर सिंह बाइक से नदबई की तरफ आ रहा था। जब दोनों बाइकें कृषि उपज मंडी के समीप पहुंचीं, तो उनमें टक्कर हो गई। टक्कर में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि गोवर्धन का साथी व्यक्ति बाल–बाल बच गया।

घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और स्थिति को देखते हुए दोनों घायलों को तत्काल निजी वाहन से नदबई अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। जहां गोवर्धन की स्थिति गंभीर बताई गई, उसे तत्काल भरतपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही नदबई थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू की।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now