मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया प्रेस वार्ता में मीडिया से हुए रूबरू
सवाई माधोपुर, 11 जून। वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अन्तर्गत जिले में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में जन भागीदारी सुनिश्चित कर अभियान के सफल संचालन हेतु बुधवार को मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया की अध्यक्षता में जिला परिषद सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन हुआ।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया ने प्रेस वार्ता को सम्बोधित कर अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार द्वारा जल संरक्षण एवं वर्षा जल संग्रहण कर भूजल स्तर को सुधारने हेतु आमजन में जागरूकता लाने एवं जन-जन को जल संरक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से 5 से 20 जून तक वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान जिले में जल स्वावलंबन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। समाज के सभी वर्गों की भागीदारी से ही यह अभियान व्यापक जन अभियान का रूप ले सकेगा।
उन्होंने बताया कि गंगादशमी के शुभ अवसर प्रारम्भ किए गए इस अभियान के तहत सरकार की मंशानुरूप पंचायती राज, जल संसाधन, वन एवं पर्यावरण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों एवं स्वयं सेवी संस्थाओं द्वारा आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जलाशयों पर श्रमदान, पौधारोपण, जल स्रोतों की सफाई, परंपरागत जल संरचनाओं का पुनरुद्धार एवं जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इस दौरान ग्राम पंचायतों से लेकर नगर निकायों तक पानी की पंचायत, प्रभात फेरी, संगोष्ठियाँ एवं जन संवाद के माध्यम से आमजन को जल संरक्षण के महत्व की जानकारी प्रदान कर पर्यावरण संरक्षण एवं वर्षा जल संग्रहण तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वहीं जल शक्ति अभियान कैच द रेन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षा जल का संचयन सुनिश्चित करने हेतु ग्राम पंचायतों एवं काश्तकारों को जागरूक किया जा रहा है ताकि गांव का पानी गांव में ही रहे।
उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों के माध्यम से आह्वान किया कि जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, भामाशाह, स्वयंसेवी संस्थान, धार्मिक व व्यापारिक संगठन इस अभियान में सक्रिय सहयोग दें। साथ ही भामाशाहों से जल स्रोतों की मरम्मत, सौंदर्यकरण एवं वृक्षारोपण जैसे कार्यो में सहयोग हेतु स्वयं आगे आने का आग्रह किया।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि जिले में कार्यों की प्रगति का अवलोकन, शिलान्यास, लोकार्पण, श्रमदान कार्यक्रम, तथा राजस्व गांवों में वृक्षारोपण कर अभियान को गति दी जाएगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों, भामाशाहों, सामाजिक संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।
इस दौरान प्रेस प्रतिनिधियों द्वारा सुझाव दिए गए कि राजकीय भूमियों पर उस क्षेत्र एवं जलवायु के अनुरूप पौधे तैयार कर लगाए जाए ताकि वे पौधे उनके अनुकूल वातावरण में जल्द ही बड़े हो सके। साथ ही लगाये जा रहे पेड़-पौधों की सुरक्षा की भी पर्याप्त व्यवस्था की जाए। प्रेस प्रतिनिधियों द्वारा शहर के लटिया नाले की साफ-सफाई कर जयपुर की द्रव्यवती नदी की तर्ज पर लटिया नाले का विकास करने, नाले के दोनों तरफ पेड़-पौधे लगाने एवं पानी के स्थायी ठहराव के लिए छोटे-छोटे एनिकट बनवाने के सुझाव दिए जिससे शहर के सौन्दर्यकरण के साथ-साथ भू-जल का स्तर भी बना रहे। प्राप्त सभी सुझावों पर प्रशासन द्वारा सकारात्मक रूख रखते हुए शीघ्र की कार्य योजना तैयार करने की बात कहीं। उन्होंने कहा कि यह अभियान राज्य को जल स्वावलंबी बनाने की दिशा में निर्णायक कदम होगा और इसकी सफलता समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय सहभागिता से ही सुनिश्चित हो सकेगी।

2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।