गंगापुर सिटी, 20 मार्च। शहर के विजय पैलेस मैरिज गार्डन में चल रही श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के दूसरे दिन परम पूज्य आचार्य श्री संतोष दास महाराज के मुखारविंद से व्यास जी महाराज सुकदेव राजा परीक्षित संवाद एवं महाभारत कथा प्रसंग का वृत्तांत सुनाया। धुंधकारी कथा का बखान किया, गुरु शिष्य की महिमा बताई। आचार्य ने कलयुग के वास का वर्णन करते हुए कहा कि कलयुग में धर्म पर चलना मुक्ति का प्रथम मार्ग है। परमात्मा अनेक नहीं, परमात्मा एक है और एक ही सनातन धर्म है। परमात्मा को पाने के अनेक मार्ग हो सकते हैं लेकिन चित में धर्म सर्वोपरि होगा तभी भगवान का भजन होगा। जीवन में धर्म को अपनाओं, धर्म स्वरूप बनो। आचार्य ने कहा कि भक्त मंदिर जाते हैं लेकिन मात्र शरीर से मन से नहीं मन से परमात्मा का ध्यान भजन करोगे, तब ही परमात्मा को अपने पास पाओगे। सारा खेल मन का है। जब तक मन भगवान की शरणागत नहीं होगा, तब तक मुक्ति संभव नहीं, मन को भगवान में लगाना ही भागवत है। भगवत प्राप्ति के लिए तीन मुख्य साधन है श्रवण, कीर्तन, और ध्यान, मन से कथा का श्रवण करें और चित लगाकर भजन कीर्तन करें। एकाग्रचित होकर मन को परमात्मा के ध्यान में लगावे। भवसागर से पार उतर जाने की सबसे बड़ी औषधि मन से चिंतन है। ध्यान और मन से परमात्मा का चिंतन करोगे तब ही परमात्मा को अपने पास पाओगे जैसे किसी के पास जाने पर उसके स्वभाव का पता लगता है। इस प्रकार परमात्मा से जुड़ने पर परमात्मा के स्वभाव का आनंद प्राप्त होता है और मुक्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। आचार्य द्वारा श्रीमद् भागवत कथा के श्लोकों को दृष्टांत और भजनों के माध्यम से समझाते हुए कथा का वर्णन किया। पंडाल में भजनों को सुनकर भक्तगण मंत्रमुग्ध होकर झूमने लगे। कथा समापन पर आयोजन से जुड़े मांगीलाल रूपचंद, नगर परिषद पूर्व उप सभापति दीपक सिंघल, घनश्याम दास बजाज, महेंद्र गर्ग, राधा मोहन गोयल, राजकुमार गोयंका, गिर्राज प्रसाद कुनकटा, अशोक मंगल, घनश्याम गोपाल लाल सेवा, जिला शिक्षा अधिकारी गोविंद दीक्षित, वेद प्रकाश मंगल, कुलदीप गौरव, भैरो लाल मंगती लाल आदि ने भक्तों को प्रसादी वितरण में सहयोग किया। प्रेमचंद तलवाड़ा वालों ने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा के तृतीय दिवस शुक्रवार को सती चरित्र, ध्रुव चरित्र, भक्त प्रहलाद कथा, ऋषभ अवतार, नरसिंह अवतार कथा का वर्णन होगा।

2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।