प्रयागराज।राजदेव द्विवेदी। शहर में महाकुंभ के शाही स्नान के बाद पहले वीकेंड के दिन शनिवार को पूरा शहर जाम के झाम से जूझता नजर आया। हालत यह रही कि मेला क्षेत्र से निकलने के लिए लोगों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। मेले के साथ ही शहर के अंदर प्रवेश करने वाले मार्गों पर भी अलग-अलग प्रदेशों से आए लोग भी शहर के अंदर जाने के लिए परेशान दिखे। हर तरफ वाहनों की लंबी कतारें रेंगते नजर आए। भारी भीड़ को नियंत्रित करने की पूरी तैयारी भी ट्रैफिक विभाग की फेल नजर आयी।महाकुंभ क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला शनिवार को भी पूरे दिन जारी रहा, लेकिन लोगों की भारी भीड़ के कारण पूरे शहर में जाम के हालत बनने लगे। देखते ही देखते शहर की सभी प्रमुख सड़कों पर लंबा जाम लग गया, लोग घंटों उसमें फंसे रहे। हाला कि जाम को खत्म करने की कवायद पुलिस विभाग की तरफ से लगातार की जा रही थी, उसके बाद लोग जूझते रहे। शहर के साथ ही आस-पास के इलाकों में भी जाम की समस्या बनी रही। मध्य प्रदेश के भोपाल से आए रविंद्र शेखर ने बताया कि वह वीकेंड में परिवार के साथ संगम स्नान का सोच कर आए थे। इसके लिए उन्होंने अरैल में बने टेंट सिटी में रूकने के लिए बुकिंग करायी थी, लेकिन करीब तीन घंटे से जाम में फंसे है। उनको समझ नहीं आ रहा है कि वह अपने गंतव्य तक कैसे पहुंचेंगे।सप्ताहांत होने के कारण बड़ी संख्या में शहर के लोग भी शनिवार को संगम जाने के लिए उमड़ पड़े। इसके कारण जाम की स्थिति अधिक विकट हो गई। नैनी, झूंसी और फाफामऊ की तरफ से आने वाले रास्तों पर भी जाम के कारण वाहन घंटों फंसे रहे। इसके अलावा पुराने शहर से भी बड़ी संख्या में लोगों के संगम पहुंचने के कारण जाम की स्थिति अधिक खराब हो गई। हालत यह रही कि शहर में ही एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने में लोगों को कई घंटे परेशान होना पड़ा।शहर में लगे भीषण जाम के कारण बड़ी संख्या में लोग ट्रेन पकड़ने के लिए भी परेशान हुए। नैनी से दिल्ली जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए घर से निकले संतोष कुमार प्रजापति ने बताया कि उनको समय से ट्रेन पकड़ना है, लेकिन वह दो घंटे से अधिक समय से जाम में फंसे हैं। उनको समझ नहीं आ रहा है कि वह समय से कैसे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगे। इसी प्रकार कई अन्य लोग भी जाम से परेशान होते रहे।

2008 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2008 से 2019 तक सर्वोदय वार्ता, सर्वोदय वार्ता मैगजीन में। 2020 से 2021 तक इंडियन लाइव टीवी में । 2021 से 2023 तक दैनिक समाचार पत्र पूर्वांचल स्वर प्रयागराज में। 2023 से 2024 तक दैनिक समाचार पत्र लक्ष्मण नगर जंक्शन में। 2024 से अब तक लगातार दैनिक समाचार पत्र लक्ष्य सामग्र में। 2021 से अब तक आवाज आपकी न्यूज़ पोर्टल में पत्रकार हैं।