बिछोछ: स्कूल के सामने स्पीड ब्रेकर और पेयजल व्यवस्था की मांग, ग्रामीणों ने सरपंच को सौंपा ज्ञापन

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के बाहर दुर्घटना का खतरा; पानी के लिए 500 मीटर दूर जाने को मजबूर हैं छोटे बच्चे

बौंली/बामनवास (श्रद्धा ओम त्रिवेदी)। राजस्थान के बौंली उपखंड क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिछोछ में विद्यार्थियों की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सामने आया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य और स्थानीय ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत सरपंच को एक प्रार्थना पत्र सौंपकर स्कूल के बाहर स्पीड ब्रेकर बनवाने और पेयजल की सुचारू व्यवस्था करने की पुरजोर मांग की है।

सड़क हादसे का बना रहता है खतरा सरपंच को सौंपे गए मांग पत्र में बताया गया है कि विद्यालय में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। स्कूल के ठीक बाहर खेड़ली-बाटोदा रोड मुख्य मार्ग है, जहां से तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं। लंच टाइम (मध्यांतर) और स्कूल की छुट्टी के समय जब सैकड़ों विद्यार्थी एक साथ बाहर निकलते हैं, तो हर समय किसी बड़े एक्सीडेंट का खतरा मंडराता रहता है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्कूल के आगे तुरंत दो स्पीड ब्रेकर बनवाया जाना बेहद जरूरी है।

पानी के लिए तरस रहे मासूम, 500 मीटर दूर से लाते हैं पानी ग्रामीणों ने एक और गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि ‘हलकारा की झोपड़ी’ विद्यालय में छोटे बच्चों के लिए पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। पेयजल संकट के कारण इन मासूम बच्चों को रोजाना चिलचिलाती धूप में करीब 500 मीटर दूर से पानी लाना पड़ता है। इससे न केवल उनकी पढ़ाई बाधित हो रही है, बल्कि सड़क पार कर पानी लाते समय वाहनों की चपेट में आने का डर भी हमेशा बना रहता है।

सरपंच ने दिया शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन स्थानीय ग्रामीण राजकमल मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि इन दोनों ही समस्याओं को लेकर सरपंच को अवगत करा दिया गया है। ग्रामीणों की परेशानी और बच्चों की सुरक्षा को गंभीरता से लेते हुए सरपंच ने इस मामले में शीघ्र से शीघ्र उचित कार्रवाई करने और दोनों समस्याओं का समाधान कराने का पूरा आश्वासन दिया है।

यह भी पढ़ें:

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now