50 छात्र-छात्राओं ने पत्र प्रतियोगिता में लिया भाग, विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर मतदान के महत्व और सही उम्मीदवार चुनने का संदेश दिया।
वजीरपुर। उप जिला कलेक्टर महिपाल सिंह एवं स्वीप प्रभारी दीपक चौहान, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका वजीरपुर के निर्देशानुसार सतरंगी सप्ताह के तहत मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को महात्मा गांधी विद्यालय एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वजीरपुर के छात्र-छात्राओं के लिए मतदान हेतु अभिभावकों को पत्र लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई।
स्वीप सह प्रभारी एवं उपप्रधानाचार्य सोहन लाल गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता में दोनों विद्यालयों के कुल 50 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने अभिभावकों को पत्र लिखकर मतदान के महत्व, मताधिकार के उपयोग तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का संदेश दिया।
अक्षरा रही प्रथम, असद खान द्वितीय
पत्र लेखन प्रतियोगिता में अक्षरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। असद खान द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि निर्जर एवं अंकिता मीणा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नगर पालिका कनिष्ठ अभियंता केशव मीणा एवं नमो नारायण मीणा द्वारा पारितोषिक वितरित किए गए। पुरस्कार वितरण के दौरान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मतदान जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
बिना लोभ-लालच मतदान के लिए किया प्रेरित
इस अवसर पर कनिष्ठ अभियंता केशव मीणा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने अभिभावकों को बिना किसी संकोच के अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि मतदान करते समय किसी भी प्रकार के लोभ या लालच में आए बिना योग्य एवं सही उम्मीदवार का चयन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सही जनप्रतिनिधि का चुनाव वजीरपुर नगर पालिका के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति भी जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
2 सितंबर को होगी पोस्टर प्रतियोगिता
नरेंद्र गुप्ता ने बताया कि सतरंगी सप्ताह के तहत 2 सितंबर 2026, बुधवार को पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को विभिन्न विषय दिए गए हैं, जिनमें ‘मेरा वोट मेरा भविष्य’, ‘लोकतंत्र का महापर्व 11 सितंबर 2026’, ‘कोई भी मतदाता पीछे न छूटे’ तथा ‘जागरूक मतदाता देश का भाग्य विधाता’ प्रमुख हैं।
उन्होंने बताया कि पोस्टर प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे रचनात्मक तरीके से मतदाता जागरूकता का संदेश प्रस्तुत कर सकें।
शिक्षकों ने भी निभाई सक्रिय भूमिका
कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्य सुनीता मीणा, नरेंद्र गुप्ता, कमलेश मीणा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जागरूक नागरिक के रूप में भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
आयोजकों ने बताया कि सतरंगी सप्ताह के माध्यम से विभिन्न प्रतियोगिताओं और जागरूकता गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों एवं उनके परिवारों तक मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।