नवरात्रि के प्रथम दिन मां के दर्शन के लिए भक्तों का लगा तांता गूंजे जयकारे


शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात-इंस्पेक्टर यशपाल सिंह

प्रयागराज। बसंत नवरात्रि के प्रथम दिन गुरुवार से ही पूरा क्षेत्र श्रद्धा में डूबा नजर आया। हर जगह मां की महिमा का गुणगान हुआ। घरों से लेकर मंदिरों तक मां शैलपुत्री को प्रसन्न करने को भक्तों द्वारा विधि विधान से पूजन अर्चन किया गया। क्षेत्र भर में मां मेरे भी घर आओ,गरीब भक्त पर भी कृपा दृष्टि बनाओ–जैसे भजन सुनाई देते रहे। गांव नगर के लगभग सभी देवी मंदिरों में सुबह से लेकर देर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा। भक्ति उपासना का पर्व नवरात्रि अपने चरम पर है। मां दुर्गा की आस्था में पूरा जिला लीन है। चारों और उत्साह और उमंग का वातावरण है। देवी मंदिरों में माता रानी के दर्शन को लेकर जन सैलाब उमड़ा हुआ है। संध्याकालीन महाआरती में भक्ति माता रानी के समक्ष शीश नवाते रहे। माता रानी की शक्ति की भक्ति में ऐसा अनूठा मंजर नवरात्रि में ही देखने को मिलता है। माता रानी के दर्शन करने वाले भक्तों के मन में कुछ ना कुछ मुराद लिए मां के दरबार में हाजिरी लगाते हुए मुरादे पूरी होने की मन्नतें मांगते देखे गए। पूजा अर्चना और विशेष श्रृंगार का परिदृश्य देखते ही बन रहा है। क्षेत्र के हर गली चौराहों पर लोग हाथों में जल से भरे कलश व पुष्प लिए पैदल चलकर मां के दरबार में पहुंच रहे हैं। इनमें महिलाओं एवं कन्याओं की संख्या सर्वाधिक है। देवी मंदिरों की चमक दमक देखते ही बन रहा है। क्षेत्रवासी नवरात्रि महोत्सव का पूरी तरह से आनंद उठा रहे हैं। मैया की आराधना के लिए भवानी की हर प्रतिमा का अपना सौंदर्य है। थाना प्रभारी निरीक्षक शंकरगढ़ यशपाल सिंह ने बातचीत के दौरान कहा की मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है। चारों तरफ पुलिस का पहरा है परिंदा भी पर नहीं मार सकता। किसी भी तरह की उदंडता करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा ऐसे लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। किसी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल निगरानी कर रही है। इसके अलावा शांति समिति की बैठक में भी कई निर्देश दिए गए हैं जैसे कि अश्लील गाने नहीं बजाने और ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग सीमित मात्रा में करने का। प्रभारी निरीक्षक शंकरगढ़ ने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस की रात्रि गश्त बढ़ाई जाएगी, ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। अफवाहों पर नजर रखी जाएगी और उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now