39 साल की सेवा के बाद रेल कर्मचारी नरेंद्र जैन का भव्य सम्मान समारोह


वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन ने सेवानिवृत्ति पर किया सम्मान, नरेंद्र जैन को हिंद मजदूर सभा में नई जिम्मेदारी सौंपी गई।

गंगापुर सिटी। 39 वर्षों की गौरवशाली रेल सेवा पूर्ण करने पर वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन, कोटा मंडल के तत्वावधान में गुरुवार को मंडल सभागार में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मंडल उपाध्यक्ष कामरेड नरेंद्र जैन ‘नृपत्या’ एवं मंडल मंत्री प्रकाश शर्मा की सेवानिवृत्ति पर उनका सम्मान करते हुए भावभीनी विदाई दी गई।

कार्यक्रम में वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन के महामंत्री मुकेश गालव एवं ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन की जोनल सचिव कामरेड चंपा वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों सेवानिवृत्त पदाधिकारियों का माला, साफा, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।

39 वर्षों तक निभाई जिम्मेदारी

वक्ताओं ने कहा कि कामरेड नरेंद्र जैन एवं प्रकाश शर्मा ने लगभग 39 वर्षों तक रेलवे में पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं दीं। उन्होंने रेल संचालन के साथ-साथ कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन के माध्यम से निरंतर संघर्ष किया।

महामंत्री मुकेश गालव ने कहा कि दोनों पदाधिकारियों का योगदान रेलवे कर्मचारियों के अधिकारों और संगठन की मजबूती के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से नरेंद्र जैन की संगठनात्मक क्षमता और मजदूर हितों के प्रति समर्पण की सराहना की।

असंगठित मजदूरों को दिलाई नई पहचान

समारोह में बताया गया कि कामरेड नरेंद्र जैन ने अपने कार्यकाल के दौरान राजस्थान पल्लेदार मजदूर यूनियन, राजस्थान विद्युत कामगार यूनियन, राजस्थान रिक्शा चालक यूनियन, राजस्थान बिल्डिंग वर्कर्स यूनियन, खेती एवं मजदूरी यूनियन तथा घरेलू मजदूर यूनियन जैसे कई संगठनों का गठन कर हजारों असंगठित मजदूरों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य किया। उन्होंने मजदूरों के अधिकारों के लिए अनेक आंदोलनों का नेतृत्व भी किया।

हिंद मजदूर सभा में मिली नई जिम्मेदारी

सेवानिवृत्ति के अवसर पर महामंत्री मुकेश गालव, जो राजस्थान हिंद मजदूर सभा के जनरल सेक्रेटरी भी हैं, ने घोषणा की कि कामरेड नरेंद्र जैन को भरतपुर संभाग में हिंद मजदूर सभा का संयोजक नियुक्त किया गया है।

इसके साथ ही उन्हें गंगापुर सिटी संभाग के सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को संगठित करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। उन्होंने निर्देश दिए कि शीघ्र ही गंगापुर सिटी में यूनियन की नई शाखा का गठन कर पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे कर्मचारी

समारोह में मंडल उपाध्यक्ष अजय शर्मा, सहायक मंडल मंत्री नरेश मालव, महिला कोऑर्डिनेटर ज्ञान दीक्षित, जोनल कोषाध्यक्ष कामरेड इरशाद खान, वेस्ट सेंट्रल रेलवे रिटायर्ड एम्पलाइज वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष जीपी सिंह, सचिव डीके अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी एवं यूनियन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कामरेड नरेंद्र जैन को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन नरेश मालव तथा धन्यवाद ज्ञापन ज्ञान दीक्षित ने किया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *