आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवारों के लिए राहत, 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों को जांच, उपचार और रेफरल की निःशुल्क सुविधा मिलेगी।
प्रयागराज। राजदेव द्विवेदी। जन्मजात दोष वाले बच्चों का इलाज कराने के लिए जनपद के यमुनानगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शंकरगढ़ ने क्षेत्रवासियों से आगे आने की अपील की है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजीत कुमार सिंह के निर्देश पर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत डीईआईसी केंद्र में 0 से 6 वर्ष तक के जन्मजात दोष से पीड़ित बच्चों की स्क्रीनिंग, जांच, दवा तथा आवश्यक होने पर रेफरल की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
#### आरबीएसके के तहत मिलेगी मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा
डॉ. अजीत कुमार सिंह ने बताया कि आरबीएसके योजना के अंतर्गत ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। कटे होंठ, फटा तालू, क्लब फुट, जन्मजात हृदय रोग, नेत्र दोष, श्रवण दोष, बोलने में देरी तथा कुपोषण जैसी समस्याओं से पीड़ित बच्चों की जांच और उपचार की व्यवस्था निशुल्क की गई है।
#### जरूरत पड़ने पर बड़े मेडिकल कॉलेजों में होगा रेफरल
उन्होंने बताया कि यदि किसी बच्चे को विशेषज्ञ उपचार या ऑपरेशन की आवश्यकता होगी, तो उसे सैफई, आगरा, इटावा और अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में निःशुल्क रेफर किया जाएगा। सरकार की ओर से ऑपरेशन के साथ-साथ अभिभावक के ठहरने और भोजन की व्यवस्था का खर्च भी वहन किया जाएगा, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
#### समय पर इलाज से सामान्य जीवन संभव
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने कहा कि कोई भी बच्चा आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि यदि जन्मजात दोष की पहचान 0 से 6 वर्ष की आयु में समय पर हो जाए और उचित उपचार मिल जाए, तो अधिकांश बच्चे सामान्य जीवन जी सकते हैं।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई बच्चा जन्मजात दोष से पीड़ित है तो उसकी जानकारी सीएचसी शंकरगढ़ की आरबीएसके टीम को दें, ताकि समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।