डीग।अमरदीप सेन। अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से जिले में संचालित ‘ग्राम रथ अभियान’ बुधवार को डीग-कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत माढेरा पहुँचा। इस अवसर पर डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और ग्रामीणों को बड़ी सौगातें दीं।
भव्य स्वागत और जागरूकता कार्यक्रम विकास रथ के माढेरा पहुँचने पर ग्रामीणों और ग्राम पंचायत प्रशासन द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर रथ का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ‘अंत्योदय’ है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
पट्टा वितरण और विकास कार्यों की सौगात समारोह के दौरान विधायक डॉ. सिंह ने पात्र लाभार्थियों को आवासीय भूमि के पट्टे और मनरेगा जॉब कार्ड वितरित किए। इसके साथ ही, ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए विधायक निधि से स्वीकृत कुल 10 लाख रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। इसमें ग्राम पंचायत माढेरा में 6 लाख रुपये और ग्राम पंचायत बदनगढ़ में 4 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण कार्य शामिल हैं।
प्रशासनिक मौजूदगी इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन सिंह, विकास अधिकारी जतन सिंह, सहायक अभियंता (जल संसाधन) देवेन्द्र, और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता ब्रजेश गुर्जर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। घर बैठे योजनाओं का लाभ मिलने और विकास कार्यों की शुरुआत होने से ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया।