डीग/अलवर।अमरदीप सेन। खेल जगत से राजस्थान के लिए एक गौरवशाली खबर सामने आई है। चीन में आयोजित होने वाली आगामी एशिया पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 के लिए राजस्थान के दो होनहार खिलाड़ियों, योगेंद्र सोगरवाल और जितेंद्र शर्मा का चयन भारतीय टीम में हुआ है। यह प्रतियोगिता 9 से 15 मई तक चीन में आयोजित की जाएगी।
खिलाड़ियों का परिचय और भार वर्ग:
-
योगेंद्र सोगरवाल: डीग जिले के निवासी योगेंद्र 93 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। वे वर्तमान में अपेक्स यूनिवर्सिटी, जयपुर में बीपीटी (BPT) के छात्र हैं। उनकी इस सफलता पर विभाग के हेड पीयूष धाकड़ ने हर्ष व्यक्त किया है।
-
जितेंद्र शर्मा: अलवर जिले के जितेंद्र 120 किलोग्राम भार वर्ग में अपनी ताकत का लोहा मनवाएंगे। जितेंद्र अलवर फार्मेसी में बी-फार्मा के छात्र हैं, जहाँ कॉलेज प्रबंधन और प्रधानाचार्य ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कोच और सफर: इन दोनों ही एथलीटों को अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता और पावरलिफ्टिंग इंडिया के कोच आशीष जैमन प्रशिक्षित कर रहे हैं। भारतीय पावरलिफ्टिंग इंडिया के उपाध्यक्ष विनोद साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों खिलाड़ी 8 मई को दिल्ली से चीन के लिए उड़ान भरेंगे।
राजस्थान के इन दोनों लालों से देश को स्वर्ण पदक की पूरी उम्मीद है। कोच आशीष जैमन के मार्गदर्शन में खिलाड़ी पिछले कई महीनों से कड़ा अभ्यास कर रहे हैं।