भवाली के पास निगलाट में अनियंत्रित होकर गिरे अनुराग बाजपेयी, SDRF और पुलिस ने रातभर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
नैनीताल/भवाली (ललित जोशी)। सरोवर नगरी नैनीताल के पास भवाली-कैंची धाम पैदल मार्ग पर एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। प्रसिद्ध कैंची धाम के दर्शन के लिए पैदल जा रहे उत्तर प्रदेश के एक पर्यटक की देर रात गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और SDRF की टीम ने रात के अंधेरे में रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला।
निगलाट के पास हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय अनुराग बाजपेयी पुत्र कृष्ण कुमार बाजपेयी, निवासी लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश), भवाली से कैंची धाम की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान भवाली से करीब 12 किलोमीटर दूर निगलाट के समीप उनका संतुलन बिगड़ गया और वे अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरे।
रेस्क्यू के बाद अस्पताल में किया गया मृत घोषित हादसे की सूचना मिलने पर भवाली पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुँची। संयुक्त रेस्क्यू अभियान के माध्यम से युवक को कड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली पहुँचाया गया। हालाँकि, सिर में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों को दी गई सूचना एसएसआइ आसिफ खान ने बताया कि मृतक के शव को फिलहाल मोर्चरी में रखवा दिया गया है और उत्तर प्रदेश स्थित उनके परिजनों को दुर्घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है, जिसके बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
इस घटना के बाद कैंची धाम जाने वाले अन्य पैदल यात्रियों में शोक की लहर है। पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि पहाड़ी रास्तों पर पैदल चलते समय विशेष सावधानी बरतें।
यह भी पढ़ें:

District Correspondent (Print & Electronic Media), Nainital, Uttarakhand