रलायता की चौपाल में कांग्रेस पर बरसे विधायक बैरवा; बोले- “पहली बार गांव तक हिसाब लेकर पहुंची सरकार”


ग्राम रथ के जरिए सरकार ने गांव में जमाया विकास का दरबार, ग्रामीणों ने पानी-सड़क-बिजली की समस्याओं का खोला पिटारा

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी शाहपुरा पंचायत समिति के रलायता गांव में विकास, राजनीति और जनसमस्याओं का ऐसा संगम देखने को मिला, जहां ग्राम रथ के बहाने सरकार सीधे गांव की चौपाल तक पहुंच गई। विधायक डॉ. लालाराम बैरवा की मौजूदगी में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं तो विधायक ने भी कांग्रेस सरकार पर तीखे राजनीतिक तीर चलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना ग्राम रथ के गांव पहुंचते ही चौपाल राजनीतिक रंग में रंग गई। विधायक बैरवा ने कहा कि यह पहली ऐसी सरकार है जो गांव-गांव जाकर जनता को अपना लेखा-जोखा दे रही है। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकार जनता से दूर होटलों में बैठकर केवल अपनी कुर्सी बचाने में लगी रही। युवाओं, किसानों, महिलाओं और बेरोजगारों के हितों की अनदेखी की गई, जबकि वर्तमान सरकार हर वर्ग को योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने में जुटी है।

मौके पर अधिकारियों को निर्देश चौपाल में ग्रामीणों ने पानी की किल्लत, टूटी सड़कें, बिजली व्यवस्था, पेंशन, खेती की जमीनों तक रास्तों की समस्या, आवास योजनाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर खुलकर शिकायतें रखीं। विधायक ने अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश देते हुए कहा कि समस्याओं का समाधान फाइलों में नहीं, जमीन पर नजर आना चाहिए। कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश देकर अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की गई।

अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे लाभ विधायक बैरवा ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें और पात्र लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

प्रशासनिक अमला रहा मौजूद रात्रि चौपाल में प्रशासनिक अमला भी पूरी तरह सक्रिय नजर आया। कार्यक्रम में फुलियाकलां एसडीएम ओम प्रकाश, तहसीलदार रामदेव धाकड़, बीडीओ प्रकाशचंद स्वर्णकार, एसीबीईओ डॉ. सत्यनारायण कुमावत, भाजपा जिला मंत्री राजेंद्र बोहरा, महामंत्री रामजस गुर्जर, कमला देवी सरपंच प्रशासक एवं शिवबहादुर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now