नैनीताल में मूसलाधार बारिश, कई सड़कें बंद, जनजीवन हुआ प्रभावित


लगातार बारिश से ग्रामीण और जिला मार्ग बाधित, घना कोहरा छाया, नाले उफान पर और स्कूलों में उपस्थिति रही कम।

नैनीताल| नैनीताल में मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। सरोवर नगरी नैनीताल और उसके आसपास के क्षेत्रों सहित पूरे जनपद नैनीताल तथा उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में देर रात से लगातार तेज बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश के चलते कई ग्रामीण मार्गों और एक प्रमुख जिला मार्ग पर मलबा आने से आवागमन प्रभावित हुआ है। संबंधित विभागों द्वारा मार्गों को जल्द से जल्द सुचारु करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है।

मलबा आने से कई सड़कें हुईं बाधित

लगातार हो रही बारिश के कारण अलचोना मोटर मार्ग, मोरनोला-भण्डारपानी मार्ग, पदमपुर-हैड़ाखान मार्ग, हरिश्ताल मोटर मार्ग सहित करीब आधा दर्जन ग्रामीण सड़कें बाधित हो गई हैं। इसके अलावा भुजान-बेतालघाट प्रमुख जिला मार्ग पर भी मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ है।

मार्गों पर मलबा हटाने और यातायात बहाल करने के लिए संबंधित विभाग द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।

नैनीताल में सबसे अधिक दर्ज हुई वर्षा

सूत्रों के अनुसार, अब तक सबसे अधिक वर्षा नैनीताल क्षेत्र में लगभग 43 एमएम दर्ज की गई है। वहीं बेतालघाट क्षेत्र में लगभग 12 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई, जो जिले में सबसे कम बताई जा रही है।

मौसम विभाग ने जारी की बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, आज पूरे दिन मौसम खराब बने रहने और लगातार बारिश होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

स्कूलों में कम रही उपस्थिति, पर्यटक होटलों में रहे

देर रात से जारी मूसलाधार बारिश का असर सामान्य जनजीवन पर भी साफ दिखाई दिया। बारिश के कारण आज स्कूलों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति कम दर्ज की गई।

वहीं, नैनीताल घूमने आए पर्यटक भी खराब मौसम के चलते अधिकांश समय होटलों में ही रुके रहे। लगातार बारिश और घने कोहरे के कारण पर्यटन गतिविधियां भी प्रभावित हुईं।

घना कोहरा, उफान पर नाले और बढ़ी ठंड

लगातार हो रही बारिश के बीच चारों ओर घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई है। कई स्थानों पर आमने-सामने की वस्तुएं भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही हैं।

इसके साथ ही क्षेत्र के नाले और गधेरे उफान पर बह रहे हैं। लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और ठंड का असर भी बढ़ गया है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *