पांच महीने 20 दिन बाद भी सड़क निर्माण अधूरा, व्यापार प्रभावित होने पर सर्राफा कारोबारियों ने ढाई घंटे बाजार बंद रखा।
भीलवाड़ा| भीलवाड़ा सर्राफा बाजार बंद रहने से बुधवार को शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित रहीं। नगर निगम की लेटलतीफी और अधूरे सड़क निर्माण कार्य के विरोध में बड़ी संख्या में सर्राफा कारोबारियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने अपनी दुकानें पूरी तरह बंद रखीं तथा नगर निगम प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग उठाई।
करीब पांच महीने 20 दिन पहले सड़क खोदे जाने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से नाराज व्यापारियों ने सुबह 10 बजे अपने प्रतिष्ठान बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू किया। करीब ढाई घंटे तक पूरा सर्राफा बाजार बंद रहा। बाद में नगर निगम के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) पवन नुवाल के मौके पर पहुंचकर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने के आश्वासन के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे बाजार दोबारा खोल दिया गया।
अतिक्रमण हटाने के बाद शुरू हुआ था सड़क निर्माण
स्थानीय निवासी विनीत शर्मा ने बताया कि नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद सर्राफा बाजार में सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया था। उन्होंने बताया कि बड़े मंदिर से सांगानेरी गेट तक सड़क निर्माण पूरा कर दिया गया, लेकिन पुराना भीमगंज थाने से अंजुमन स्कूल तक का हिस्सा पिछले कई महीनों से अधूरा पड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि अधूरे निर्माण के कारण व्यापारियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों और बाजार आने वाले ग्राहकों को भी प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पीसीसी कार्य के बाद भी निर्माण पूरी तरह ठप
व्यापारियों ने बताया कि अधूरी सड़क पर पीसीसी (प्लेन सीमेंट कंक्रीट) का कार्य हुए भी लगभग एक माह बीत चुका है। इसके बावजूद इसके बाद निर्माण कार्य पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि दिनभर उड़ने वाली धूल दुकानों तक पहुंच रही है, जिससे गंदगी फैल रही है। वहीं खराब सड़क और धूलभरे वातावरण के कारण ग्राहकों की बाजार में आवाजाही भी कम हो गई है। इसका सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है और कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
बारिश में कीचड़ और गड्ढों से बढ़ रही परेशानी
व्यापारियों ने बताया कि बारिश के दौरान अधूरी सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण हालात और अधिक खराब हो जाते हैं। इससे राहगीरों, स्थानीय निवासियों और बाजार आने वाले ग्राहकों को भारी असुविधा होती है।
इन्हीं लगातार बनी हुई समस्याओं के कारण सर्राफा व्यापारियों ने सामूहिक रूप से बाजार बंद रखने का निर्णय लिया। सुबह जिन दुकानदारों ने दुकानें खोली थीं, उन्हें भी अन्य व्यापारियों ने समझाइश देकर अपने प्रतिष्ठान बंद करवाए। देखते ही देखते पूरा सर्राफा बाजार बंद हो गया और क्षेत्र में सन्नाटा छा गया।
एक्सईएन ने दिया निर्माण जल्द पूरा कराने का आश्वासन
बाजार बंद होने की सूचना मिलने के बाद नगर निगम के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) पवन नुवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि अधूरी सड़क का शेष निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू कराया जाएगा तथा निर्धारित समय में पूरा भी कराया जाएगा।
अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद व्यापारियों ने अपना आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया और दोपहर करीब 12:30 बजे बाजार फिर से खोल दिया।
समय पर काम पूरा नहीं हुआ तो बड़े आंदोलन की चेतावनी
व्यापारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इस बार भी सड़क निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं हुआ तो वे इससे भी बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
उन्होंने कहा कि सर्राफा बाजार शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग खरीदारी के लिए आते हैं। अधूरी सड़क, उड़ती धूल और खराब मार्ग के कारण ग्राहकों ने बाजार का रुख कम कर दिया है, जिससे व्यापारियों को लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
युद्धस्तर पर निर्माण पूरा कराने की मांग
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने नगर निगम से मांग की कि अधूरे सड़क निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए। उनका कहना है कि बाजार क्षेत्र को जल्द से जल्द सुगम और सुरक्षित बनाया जाए, ताकि व्यापारिक गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो सकें और व्यापारियों के साथ आमजन को भी राहत मिल सके।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।