जिला कर्मचारी परिषद के तत्वावधान में आयोजित बैठक में समाज सुधार, एकता, अग्रसेन सहायता कोष और जनगणना अभियान पर हुई विस्तृत चर्चा
गंगापुर सिटी। जिला कर्मचारी परिषद के तत्वावधान में अग्रसेन सदन, बजरिया में जिला अग्रवाल समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज की एकता, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण तथा संगठन को मजबूत बनाने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मिली जानकारी के अनुसार बैठक के मुख्य अतिथि पूर्वी राजस्थान सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष अशोक गर्ग थे। कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेश चंद्र गुट्टा, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश गोयल (बोली), प्रदेश उपाध्यक्ष राधा रमण सिंघल (खंडार), प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल (टेंट), जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश गोयल (चक्की) तथा जिला अध्यक्ष गोविंद बरनाला की अध्यक्षता में प्रदेश प्रतिनिधियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
समाज सुधार और एकजुटता पर वक्ताओं ने रखे विचार
बैठक में समाज के वरिष्ठजनों एवं वक्ताओं रमेश चंद गोयल, मोहनलाल मंगल, सतीश महेश्वरी, हरिप्रसाद गुप्ता, राधा मोहन गुप्ता, रामगोपाल सिंघल, नीरू गोयल, रेखा गर्ग, सरोज मित्तल तथा सत्येंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य वक्ताओं ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने पर जोर दिया।
वक्ताओं ने वर्तमान समय में बढ़ रही तलाक की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। साथ ही अग्रसेन सहायता कोष की स्थापना करने का सुझाव दिया, ताकि समाज के जरूरतमंद लोगों को समय पर सहयोग मिल सके।
बैठक में किन्नर समाज द्वारा होने वाले उत्पीड़न के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने इस विषय का आपसी संवाद और समझौते के माध्यम से स्थायी समाधान निकालने पर बल दिया। इसके अलावा समाज में भाईचारा, समन्वय और संगठन की मजबूती के लिए सभी को मिलकर कार्य करने का आह्वान किया गया।
एकता में ही समाज की शक्ति है : अशोक गर्ग
मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष अशोक गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के सभी बंधुओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि “एकता में ही शक्ति है और संगठित समाज ही विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है।”
उन्होंने सभी इकाइयों से समाज की मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाने तथा सामाजिक गतिविधियों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
वंशिका मर्डर प्रकरण पर जताया आक्रोश
बैठक के दौरान वंशिका मर्डर प्रकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। समाज के सदस्यों ने मामले में आरोपित व्यक्तियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
इसके साथ ही प्रत्येक इकाई से समाज की जनगणना प्रपत्र भरकर वरिष्ठ उपाध्यक्ष को उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया, ताकि समाज का अद्यतन डाटा तैयार किया जा सके।
जिलेभर से पदाधिकारी और प्रतिनिधि रहे उपस्थित
बैठक में जिले की सभी इकाइयों के अध्यक्ष, मंत्री, प्रतिनिधि तथा जिला कार्यकारिणी के संरक्षक, उपाध्यक्ष, मंत्री एवं सदस्यगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री गोविंद नारायण गोयल ने किया।
इस अवसर पर जिला कर्मचारी परिषद के जिला अध्यक्ष विष्णु गुप्ता, परिषद के संयोजक राजेश, विमलेश गुप्ता, राजेश (व्याख्याता), अशोक जैन, जिला प्रवक्ता वेद प्रकाश मंगल सहित समाज के सैकड़ों गणमान्य नागरिक एवं समाजबंधु मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।