18 वर्षों से जल सेवा अभियान से जुड़े जल सेवकों का होगा सम्मान, वृक्षारोपण, वात्सल्य भोज और 108 दीपों से जिनेंद्र आरती होगी।
गंगापुर सिटी। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप, गंगापुर सिटी द्वारा रेलवे स्टेशन पर पिछले 18 वर्षों से संचालित निःशुल्क शीतल जल सेवा अभियान से जुड़े जल सेवकों, सहयोगियों एवं ग्रुप सदस्यों के सम्मान में “जल सेवक मिलन समारोह” का आयोजन रविवार, 19 जुलाई 2026 को दिगंबर जैन मंदिर, नसियां जी, गंगापुर सिटी में किया जाएगा।
ग्रुप अध्यक्ष नरेंद्र जैन ‘नृपत्या’ ने बताया कि समारोह का उद्देश्य जल सेवा अभियान में सहयोग देने वाले सभी जल सेवकों का सम्मान करना, सेवा कार्यों की समीक्षा करना तथा आगामी सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करना है।
वृक्षारोपण से होगी कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ अपराह्न 3:30 बजे स्वागत समारोह के साथ होगा। इसके बाद 3:30 से 4:30 बजे तक सघन वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। 4:30 से 4:45 बजे तक चाय विराम रखा गया है, जबकि 4:45 से 5:00 बजे तक चुग्गादान अभियान पर चर्चा एवं सहयोग कार्यक्रम होगा।
इसके पश्चात 5:00 से 5:30 बजे तक जल सेवा अभियान में विशेष योगदान देने वाले सहयोगियों एवं कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। 5:30 से 6:30 बजे तक वात्सल्य भोज आयोजित होगा तथा सायं 6:45 बजे से 108 दीपों से जिनेंद्र आरती संपन्न होगी।
कई प्रमुख अतिथि रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम के संयोजक धर्मेंद्र-निशा पांड्या, दीपेंद्र-नीरू पाटनी, अरविंद-शिल्पी जैन गोधा एवं जगदीश-चंद्रेश जैन हैं। वहीं वृक्षारोपण एवं चुग्गा व्यवस्था की जिम्मेदारी अशोक-मधु पांड्या को सौंपी गई है।
समारोह में डॉ. मनोज जैन एवं डॉ. सुलेखा जैन मुख्य अतिथि, सुमेर जैन-शशि जैन सोनी विशिष्ट अतिथि तथा दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष प्रवीण जैन एवं नीरा जैन गंगवाल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
ग्रुप ने सभी जल सेवकों, सदस्यों एवं उनके परिवारों से समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। आयोजन के लिए महिलाओं का ड्रेस कोड हरी साड़ी निर्धारित किया गया है।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।