प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया उद्घाटन, गृह राज्य मंत्री और विधायक ने बताया पर्यटन व विकास के लिए मील का पत्थर।
डीग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित डीग रेलवे स्टेशन सहित देशभर के 75 रेलवे स्टेशनों का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोकार्पण किया। इस अवसर पर डीग में आयोजित समारोह में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म और डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह भी लाइव जुड़े और पुनर्विकसित स्टेशन को क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
रेलवे का आधुनिकीकरण नए भारत की पहचान
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे आधुनिक, आत्मनिर्भर और विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित हो रही है। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना केवल रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प नहीं, बल्कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और देश के आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि पुनर्विकसित डीग रेलवे स्टेशन स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा तथा पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देगा।
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
गृह राज्य मंत्री ने कहा कि डीग अपने ऐतिहासिक महलों और पर्यटन स्थलों के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। आधुनिक रेलवे स्टेशन बनने से पर्यटकों की सुविधा बढ़ेगी, जिससे स्थानीय व्यापार को मजबूती मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
डीग जिले में चल रहे हैं हजारों करोड़ के विकास कार्य
डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में डीग जिले में लगभग 12 से 15 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सिंचाई एवं पेयजल परियोजनाओं का विस्तार, प्रमुख धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण, नई सड़कों का निर्माण और जिला अस्पताल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
उन्होंने कुम्हेर में निर्माणाधीन 400 केवी जीएसएस का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके शुरू होने से पूर्वी राजस्थान की विद्युत व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा, वरिष्ठ नेता सतीश बंसल, राजेंद्र खंडेलवाल, लखपत गुर्जर, ललित तिवारी, राकेश गिरसे, अमरनाथ गुप्ता, दाऊ दयाल नसवारिया, राहुल लवानिया, गिरीश शर्मा, पवन खंडेलवाल, खेमचंद कोली, गौरव सोनी, मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल, अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

डीग, राजस्थान
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।