सवाई माधोपुर में शिक्षकों का प्रदर्शन, सात सूत्रीय मांगों पर सौंपा ज्ञापन


तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण, पदोन्नति और लंबित मांगों के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।

सवाई माधोपुर। राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ द्वारा तृतीय श्रेणी शिक्षक संवर्ग की लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान को लेकर चलाए जा रहे चरणबद्ध आंदोलन के दूसरे चरण के तहत सोमवार को जिलाध्यक्ष मोहम्मद जाकिर के नेतृत्व में जिला कलेक्टर कानाराम को मुख्यमंत्री के नाम सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।

स्थानांतरण और पदोन्नति नहीं होने पर जताया रोष

प्रदेश उपाध्यक्ष कन्हैयालाल सैनी ने कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े शिक्षक संवर्ग के साथ लंबे समय से भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 के बाद से तृतीय श्रेणी शिक्षक, प्रबोधक, तृतीय श्रेणी शारीरिक शिक्षक तथा तृतीय श्रेणी पुस्तकालयाध्यक्ष के स्थानांतरण नहीं किए गए हैं, जबकि अन्य शिक्षक संवर्गों के स्थानांतरण नियमित रूप से किए जा रहे हैं। इसके अलावा तृतीय श्रेणी से द्वितीय श्रेणी में पदोन्नति भी वर्षों से लंबित है, जिससे शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है।

सात सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया

प्रदेश प्रवक्ता राहुल सिंह गुर्जर ने कहा कि वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर वर्षों बाद रीट उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता लागू करना अनुचित है। उन्होंने पे-प्रोटेक्शन आदेशों के आधार पर की जा रही वसूली पर रोक लगाने, आदेश वापस लेने, उपार्जित अवकाश, एरियर तथा सेवानिवृत्त शिक्षकों के लंबित पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की।

संगठन ने शिक्षा विभाग में स्टाफिंग पैटर्न लागू कर नए पदों का सृजन, रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती तथा अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों के पुनर्निर्माण के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश मीना ने कहा कि यदि सरकार ने शिक्षकों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार जयपुर में व्यापक एवं निर्णायक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।

इस अवसर पर प्रदेश संयुक्त महामंत्री गिर्राज वर्मा, प्रदेश सलाहकार हरिशंकर गुर्जर, प्रदीप भारद्वाज, मोहसिन खान, पिंकेश बैरागी, दलेल सिंह राजावत, विजेंद्र फागना, विनोद जैन, राजेश मीना, रशीद अहमद देशवाली, भजनलाल वर्मा, राकेश मीना, रमेश वर्मा, महावीर सोनी, दिलीप बैरवा, भवानीशंकर रेगर, भुवनेश्वर शर्मा, बबुआ खान, विष्णु गौतम, गोपाल गुर्जर, देशराज मीना, जसराज सिंह चौहान, हर्षवर्धन सिंह, चंद्रप्रकाश आकोदिया, महेश कुमार जैलिया, प्रेम प्रकाश रेगर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *