श्री सांवरिया सेठ धाम नौगावां में 4 सितंबर को भव्य जन्माष्टमी महोत्सव


वृंदावन थीम पर सजेगा मंदिर, झांकियां, पुष्प सज्जा, सांस्कृतिक संध्या और विशेष दर्शन व्यवस्था रहेंगी मुख्य आकर्षण।

भीलवाड़ा। जन-जन की आस्था का प्रमुख केंद्र एवं भीलवाड़ा शहर से 17 किलोमीटर दूर स्थित श्री सांवरिया सेठ धाम, नौगावां में आगामी 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस वर्ष मंदिर परिसर को वृंदावन थीम पर विशेष रूप से सजाया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को ब्रजधाम जैसी दिव्य अनुभूति होगी।

ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी, प्राकृतिक पुष्पों और मनमोहक झांकियों से सजाया जाएगा। कार्यक्रम प्रमुख आलोक पलोड़, सुनील नवाल एवं सोहनलाल गहलोत ने बताया कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

झांकियां और पुष्प सज्जा रहेंगी विशेष आकर्षण

आयोजन के तहत आराध्य इवेंट्स के अजय सोनी द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित भव्य झांकियां तैयार की जाएंगी। वहीं, वृंदावन के प्रसिद्ध कलाकार पिंटू प्राकृतिक एवं सुगंधित फूलों से विशेष झरोखा और आकर्षक पुष्प सज्जा करेंगे।

सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध कलाकार मधुबाला यादव एवं उनकी टीम द्वारा ‘सुदर्शन चक्र की महिमा’ पर आधारित भव्य नाट्य मंचन प्रस्तुत किया जाएगा, जो महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

सुबह दुग्धाभिषेक, मध्यरात्रि में होगा जन्मोत्सव

जन्माष्टमी व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में विभिन्न प्रकार के फलाहारी (सेगारी) व्यंजनों की स्टॉल लगाई जाएंगी।

महोत्सव की शुरुआत प्रातः 7 बजे भगवान श्री सांवरिया सेठ के दुग्धाभिषेक से होगी। विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले पदयात्रियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा। देर रात भगवान का महाभिषेक होगा तथा मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।

श्रद्धालुओं के लिए विशेष दर्शन व्यवस्था

श्रद्धालुओं को सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराने के लिए सत्संग भवन में विशेष दर्शन व्यवस्था की गई है। प्रवेश एवं निकास के लिए रसायनशाला मार्ग निर्धारित किया गया है, जिससे भीड़ का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

विभिन्न समितियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

महोत्सव के सफल संचालन के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं का दायित्व अलग-अलग पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सौंपा गया है। मंदिर दर्शन व्यवस्था गिरराज अग्रवाल, गिरराज काबरा एवं राकेश खोईवाल की टीम संभालेगी। झांकी दर्शन व्यवस्था के प्रमुख अखिल जाजू तथा संयोजक मोहित त्रिपाठी होंगे।

संपूर्ण आयोजन का संयोजन मनीष बहेड़िया करेंगे। भोजन एवं प्रसाद व्यवस्था सोहनलाल गहलोत के संयोजन तथा मदनलाल ठाकुर के मार्गदर्शन में रहेगी। सामग्री क्रय की जिम्मेदारी लीलाधर अग्रवाल निभाएंगे। कूपन वितरण चंद्रप्रकाश आगाल, भोजन वितरण गोपाल पलोड़ तथा प्रसाद वितरण बबलू सेन करेंगे।

टेंट, माइक, लाइट एवं पार्किंग व्यवस्था सुनील नवाल के निर्देशन में होगी। पेयजल व्यवस्था शंभू काबरा, संजीव चिरानिया एवं गिरीश अग्रवाल संभालेंगे। प्रचार-प्रसार का दायित्व मुकेश सोनी, कार्यालय एवं पोस्टेज व्यवस्था कैलाश लढ़ा, जबकि स्वच्छता व्यवस्था राकेश तिवारी के जिम्मे रहेगी।

मंदिर ट्रस्ट ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से परिवार सहित जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होकर भगवान श्री सांवरिया सेठ के दर्शन एवं महोत्सव का पुण्य लाभ लेने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *